मनोहरपुर : दिन-दहाड़े डेविड को हथियारबंद अपराधियों ने कर दिया छलनी
मनोहरपुर : डेविड की हत्या के बाद कुर्थाबेड़ा गांव के ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है. भय और आतंक के कारण कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है. डेविड के परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है.दो वर्ष पहले डेविड के भाई दिलबर लुगून व उसकी पत्नी की हत्या अज्ञात लोगों द्वारा रांची के अरगोड़ा थानाक्षेत्र में कर दी गयी थी. परिजनों के मुताबिक वर्ष 2014 के नवंबर माह में पीएलएफआइ के नक्सलियों ने डेविड का बाइक (संख्या जेएच01बीबी/1933) ले लिया था.
इसकी जानकारी डेविड ने पुलिस को दी थी,परंतु कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी थी. पुलिस के अनुसार डेविड का छोटा भाई नोएल पीएलएफआइ से जुड़ा हुआ था,जिस कारण डेविड के यहां नक्सलियों का आना-जाना होता था. बाद में नोएल संगठन छोड़कर कहीं चला गया,जिसके कुछ दिनों के बाद ही पीएलएफआइ के दो नक्सली दबोचे गये.
जिसे लेकर नक्सली संगठन में शक था कि नोएल का हाथ हो सकता है. दूसरी ओर उसी वक्त किन्हीं कारणों से डेविड पुलिस के संपर्क में था. जिससे संगठन का शक और भी पुख्ता होने लगा कि डेविड पुलिस की मुखबिरी कर रहा है. पुलिस को इसी बावत आशंका है कि डेविड की हत्या कर दी गयी है.
तीन लोगों ने दिया घटना को अंजाम
पुलिस के मुताबिक उक्त हत्या पीएलएफआइ संगठन द्वारा किया गया है. पुलिस के मुताबिक उक्त घटना को अंजाम देने के दौरान एरिया कमांडर आकाश स्वयं मौजूद था. तीन लोगों में से एक आर्मी की वर्दी, एक काले रंग की वर्दी व एक पुलिस की वर्दी में था.तीनों अपने चेहरे ढ़के हुए थे.
घटना को अंजाम देने के बाद लगभग 5 मिनट सभी लोग यहां रुके भी. यहां से सभी रानाबुरु गांव की पहाड़ियों की ओर चले गये. परिजनों के मुताबिक नक्सलियों के आगमन पर घर के सभी सदस्य इधर-उधर भागने लगे,परंतु डेविड भागने में असफल रहा.
पुलिस ने मौके से 303 का एक खोका बरामद किया है,जबकि डेविड के शरीर में एक गोली होने की आशंका पुलिस द्वारा जतायी जा रही है.
मनोहरपुर : कुर्थाबेड़ा गांव में बीती रात मारे गये डेविड लुगून का एक भाई नोएल लुगून पहले पीएलएफआइ के संगठन में रह चुका है. कुछ समय पूर्व अचानक नोएल लापता हो गया.
जिसके बाद पीएलएफआइ के नक्सली पकड़ाने लगे. जिसे लेकर नोएल के भाई डेविड पर संगठन का शक हुआ.संगठन द्वारा बार-बार चेतावनी के बावजूद वह संगठन की बातों का अवहेलना कर रहा था.जिससे नाराज संगठन के लोगों ने बीती रात डेविड की हत्या कर दी.
चलाया गया सर्च ऑपरेशन
डेविड की हत्या के बाद मनोहरपुर पुलिस ने लगातार सात घंटे तक क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया.पुलिस को वारदात को अंजाम देने वाले नक्सलियों के आसपास होने की खबर मिली थी. काफी खोजबीन के बावजूद नक्सली फरार होने में कामयाब रहे. पुलिस ने बताया कि नक्सलियों को दबोचने के लिये संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश बनायी जायेगी.
