मनोहरपुर : मनोहरपुर प्रखंड के नंदपुर पंचायत अंतर्गत नवाडीह टोला में विगत रात विद्युत प्रवाहित 11 हजार वोल्ट की तार गिर जाने से दो मवेशियों की मौत हो गयी है. गांव में पोल खंभे से इंस्युलेटर फटने के कारण विद्युत प्रवाहित तार से करंट नीचे कच्चे मिट्टी के खेत में प्रवाहित हो गयी.
जिससे घर के बाहर व घर के गौशाला में रह रहे नौ की संख्या में बैलों को भी विद्युत का करंट लगा. करंट लगते ही रस्सी से खुले हुए बैल भाग खड़े हुए,जबकि खुंटे से बंधे दो बैलों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना में नवाडीह निवासी बुधराम जाते के दो बैलों की मौत हो गयी. बैलों की आवाज सुनकर बाहर निकले बुधराम व उनकी पत्नी भी करंट के कारण घायल हो गये.
किसी प्रकार देर रात ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से संपर्क साध कर इस क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति को बंद कराया. दूसरे दिन बुधराम जाते ने मनोहरपुर अंचल कार्यालय को आवेदन सौंप कर उचित मुआवजे की मांग की. पशु चिकित्सालय से पशुओं का पोस्टमार्टम कराने के बाद बैलों को दफन कर दिया गया.
