मनोहरपुर : झारखंड-ओड़िशा सीमावर्ती क्षेत्र बिसरा से नक्सली संगठन पीएलएफआइ के नाम पर लेवी मांगने के आरोप में पुलिस ने गुरुवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार बिसरा थाना क्षेत्र निवासी इरफान अंसारी(23) ने सात जुलाई को सोरडा निवासी एक व्यवसायी को फोन कर स्वयं को पीएलएफआइ का कमांडर आकाश सिंह बताते हुए 50 हजार रुपये की लेवी की मांग की थी.
लेवी की राशि नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी थी. पैसों का भुगतान करने के लिये व्यवसायी ने उससे पांच दिनों के मोहलत मांगी थी. समयावधि समाप्त होने पर 12 जुलाई को इरफान ने पुन: व्यवसायी को फोन किया. व्यवसायी ने निर्धारित अवधी बीतने से एक दिन पूर्व 9 जुलाई को बिश्र पुलिस को इस मामले में जानकारी दे रखी थी.12 जुलाई को इरफान के फोन आते ही सर्विलांस के माध्यम से पुलिस को इरफान का पता चल गया.
इरफान को दबोचे जाने के बाद पुलिस को पता चला कि इरफान ने सोरडा निवासी रहमत अंसारी के लिये फर्जी कागजात देकर निजी दूरसंचार कंपनी का सिम निकाला है. पुलिस ने रहमत के साथ-साथ बंडामुंडा के सिम वितरक एस साहु को भी गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान साहू के घर के तलाशी में विभिन्न प्रकार के कागजात व सील इत्यादि भी पुलिस ने बरामद किया है.डीएसपी पीके पाणीग्राही के उपस्थिति में तीनों अभियुक्त को मीडिया के समक्ष पेश करने के बाद राउरकेला जेल भेज दिया गया है.
