सर्वदलीय बैठक : शहर को अतिक्रमणमुक्त करने पर बनी सहमति, इसमें सभी करेंगे सहयोग
चाईबासा : चाईबासा शहर में प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने की लगातार कार्रवाई चल रही थी. इसका ठेला-वेंडरों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विरोध किया था. मामला एसडीओ से होते हुए डीसी तक पहुंचा था. तब, डीसी ने सार्वजनिक बैठक कर इस समस्या का हल निकालने का सभी को आश्वासन दिया था.
इसी के आलोक में समाहरणालय सभागार में गुरुवार को बैठक का आयोजन किया गया. जिसमें, शहर को अतिक्रमण मुक्त करने पर सभी ने हामी भरी. बैठक में एक स्वर से पहले अतिक्रमण वाले स्थान को चिन्हित करने के बाद आगे की कार्रवाई करने पर सभी ने सहमति जतायी.
ठेला-वेंडर लेंगे लाइसेंस
ठेला भेंडरों को अब नप से लाइसेंस लेना होगा. हर ठेला-भेंडर के ठेले पर एक नंबर अंकित होगा. इसके लिए ठेला भेंडरों को नप को एक निर्धारित राशि देनी होगी.
खुले में सामग्री बेचने पर रोक
ठेला-खोमचे, दुकानों तथा अन्य किसी भी प्रकार के प्रतिष्ठानों में खाने-पीने की सामग्री पर खुले में बेचने पर रोक लगा दी गयी. सिविल सजर्न के माध्यम से सभी ठेला-खोमचा, दुकानदार को नोटिस करने का डीसी ने आदेश दिया.
खुले में किसी भी प्रकार के मांस की बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया. ऐसा करने वाले को नोटिस कर उस पर कार्रवाई करने का आदेश
दिया गया.
यह भी हुआ तय
डस्टबिन में लोग फेकेंगे कूड़ा, नहीं तो फाइन
बिजली के पोल व तार होगा ठीक
पुराने बस स्टैंड का जीर्णोद्धार होगा
चाईबासा में बनेगा रिंग रोड, प्लान तैयार करने का आदेश
बैठक में ये लोग थे उपस्थित : मौके पर सांसद लक्ष्मण गिलुवा, विधायक दीपक बिरुवा, जिप अध्यक्ष अनीता सुंब्रुई, नप अध्यक्ष नीला नाग, उपायुक्त अबुबक्कर सिद्दीख पी, एसपी डॉ माइकल राज एस, डीडीसी अनिल राय, डीएसपी लोगदा मुमरू, सदर थाना प्रभारी अनिल सिंह, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष ललित शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, भाजपा नगर अध्यक्ष शुरू नंदी, कांग्रेस नगर अध्यक्ष त्रिशानु राय, मो. बारिक, सोना देवगम, राजा रजक, काबू दत्ता आदि उपस्थित थे.
