एक ही परिवार के छह की हत्या

बड़बिल : बड़े भाई ने ही दिया घटना को अंजाम, मृतकों में चार छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल हमले में गंभीर रूप से जख्मी दो बच्चे अब भी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं, आरोपी गिरफ्तार बड़बिल : जोड़ा थाना क्षेत्र के लोहंडा ग्राम स्थित मुंडा साईं गांव सोमवार को उस समय सनसनी […]

बड़बिल : बड़े भाई ने ही दिया घटना को अंजाम, मृतकों में चार छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल

हमले में गंभीर रूप से जख्मी दो बच्चे अब भी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं, आरोपी गिरफ्तार

बड़बिल : जोड़ा थाना क्षेत्र के लोहंडा ग्राम स्थित मुंडा साईं गांव सोमवार को उस समय सनसनी फैल गयी, जब एक भाई ने अपने ही छोटे भाई गुरा मुंडा के परिवार के छह लोगों की धारदार हथियार से काट कर हत्या कर दी. मृतकों में आरोपी का छोटा भाई, उसकी पत्नी और छोटे-छोटे चार बच्चे शामिल हैं.

हमले में गंभीर रूप से जख्मी दो बच्चे अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे. घटना को डायन (जादू-टोना) के संदेह में अंजाम दिये जाने की बात पुलिस बता रही है. अपराधियों ने रविवार की मध्यरात्रि घटना को अंजाम दिया.

पुलिस ने इस मामले में गुरा के बड़े भाई तांबा मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है. क्योंझर एसपी कविता जालान ने बताया कि हत्याकांड में जख्मी गुरा मुंडा के बड़े बेटे ने पूरे मामले का उदभेदन किया. उसने बताया कि कुछ लोगों के साथ रविवार मध्यरात्रि उसके बड़े पिताजी तांबा घर में घुस आये और सोते हुए सभी पर धारदार हथियार (कुल्हाड़ी) से हमला किया. हमला तब तक किया गया, जब तक सभी की मौत नहीं गयी.

पुलिस के अनुसार मुंडा साईं निवासी गुरा मुंडा(35) अपनी पत्नी बुधुनी मुंडा(30) तथा 6 बच्चे सुनील मुंडा (13), कुश्नाथ मुंडा(10), सोमबारी मुंडा (12), नमिता मुंडा(3), गणित मुंडा (18) तथा शंभू मुंडा (9) के साथ रात में सोया था.

रविवार की मध्यरात्रि आरोपी तांबा व कुछ लोग घर में घुस आये और पूरे परिवार पर जानलेवा हमला बोल दिया. हमलावरों ने पूरे परिवार को धारदार हथियार से काट डाला. सभी को मृत मानकर हमलावार फरार हो गये.

सोमवार की सुबह पड़ोसी ने रात में गुरा मुंडा के घर से चिल्लाने की आवाजें सुने जाने की बात गांव के लोगों का बतायी. इसके बाद गांव के लोग गुरा के घर पहुंचे, तो देखा कि पूरा परिवार मृत पड़ा हुआ है. ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. जोड़ा पुलिस के साथ ही बड़बिल, बोलानी, बामेबारी, रुगुड़ी थाना प्रभारी तथा बड़बिल एसडीपीओ मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने गुरा के बड़े बेटे गणित तथा शंभू के शरीर में हलचल पाया. दोनों को गंभीर हालत में बासुदेवपुर स्थित सरकारी अस्पताल भेजा गया. बासुदेवपुर अस्पताल के डॉक्टरों ने शंभू की नाजुक हालत देख उसे क्योंझर रेफर कर दिया. क्योंझर के डॉक्टरों ने उसे कटक रेफर कर दिया है.

राज्य में अपने तरह की बड़ी घटना की सूचना पुलिस मुख्यालय तक भी पहुंची. डीजी के आदेश पर सोमवार लगभग 12 बजे क्योंझर से चार सदस्यीय फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर घंटों सुरागों को खंगाला.

पुलिस ने पूरा मामला डायन व जादू-टोने के शक में अंजाम दिये जाने की बात कही है. दूसरी तरफ डीजी संजीव मारिक ने क्योंझर एसपी की निगरानी में डीएसपी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है. दूसरी तरफ जिंदा बचे दोनों बच्चों ने पुलिस को पूरी घटना व आरोपियों की पहचान भी बतायी है. उसके आधार पर पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के छापेमारी कर रही है.

मृतकों के नाम

गुरा मुंडा(पति), बुधुनी मुंडा (पत्नी), सुनील मुंडा (बेटा), कुश्नाथ मुंडा (बेटा), सोमबारी मुंडा (बेटी), नमिता मुंडा (बेटी)

घायलों के नाम

गणित मुंडा, बेटा (बासुदेवपुर अस्पताल में भरती)

शंभू मुंडा, बेटा (कटक रेफर)

हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की तलाश है पुलिस को

लोहंडा हत्याकांड में हत्यारा गुरा मुंडा का सगा बड़ा भाई तांबा मुंडा ही निकला. क्योंझर एसपी तथा बड़बिल एसडीपीओ ने हत्याकांड को 12 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है. पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी और मृत गुरा मुंडा के बड़े भाई तांबा मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस तांबा से हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों के विषय में पूछताछ कर रही है. हालांकि अभी पुलिस कुछ भी बताने से इनकार कर रही है. पुलिस का कहना है कि अगले एक से दो दिन के अंदर मामले का पर्दाफाश हो जायेगा और इसमें शामिल अन्य आरोपी भी गिरफ्त में होंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >