पुलिस पर मूकदर्शक बने रहने का आप ने लगाया आरोप
जमशेदपुर : सांसद विद्युत वरण महतो के आवास का घेराव करने पहुंचे पहुंचे आम आदमी पार्टी नेताओं की दौड़ा-दौड़ा कर पिटाई की गयी. घटना सोमवार की है. इसमें पार्टी की दो महिला कार्यकर्ता दुर्गा अग्रवाल और उषा रानी को चोट आयी है. घटना को लेकर आप नेताओं ने सांसद पर ज्ञापन फाड़ने और कार्यकर्ताओं से पिटवाने का आरोप लगाया है. वहीं सांसद के अनुसार वह उनलोगों की बातें सुनने गये थे. आप नेता व कार्यकर्ता बदसलूकी पर उतर आये. वे आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए आगे बढ़ने लगे. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने उन्हें खदेड़ा.
सांसद व भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत
घटना के बाद आप नेताओं ने पुलिस पर मूकदर्शक बनने का आरोप लगाते हुए उपायुक्त कार्यालय पर धरना दिया. इसके बाद सांसद विद्युत वरण महतो और उनके आवास पर मौजूद भाजपा के करीब 20-25 कार्यकर्ताओं के खिलाफ बिष्टुपुर थाने में शिकायत की. आप नेताओं ने एसएसपी अनूप टी मैथ्यू और सिटी एसपी चंदन झा को इसकी जानकारी दी. घटना की जानकारी आप के आलाकमान को दे दी गयी है.
इस मामले में पार्टी बैठक कर आगे की रणनीति तय करेगी. आप कार्यकर्ताओं में प्रेम कुमार, सुमंत चौधरी, राम दरश राय, शंभु सिंह, राजकुमार पासवान, विनोद कुमार, संदीप कुमार, शैलेंद्र पोद्दार, दुर्गा अग्रवाल, उषा रानी, समर कुंडू, इकबाल अंसारी, संतोष पासवान, शालिग्राम यादव, जावेद समेत अन्य उपस्थित थे.
मंत्रियों के इस्तीफे की हो रही थी मांग
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, मानव संसाधन विकास विभाग मंत्री स्मृति ईरानी, पंकजा मुंडे और राजस्थान की सीएम वसुंधरा राजे के इस्तीफे की मांग पर बिष्टुपुर वोल्टास बिल्डिंग गोलचक्कर से एक रैली निकली. इसके बाद सांसद आवास की ओर बढ़ी.
सांसद आवास से करीब 20 मीटर दूर उन्हें पुलिस ने रोक लिया. इसके बाद सभी ने नारेबाजी शुरू की. सांसद बाहर निकले और आप नेताओं से बात करने की कोशिश की. इसके बाद दोनों पार्टी के कार्यकर्ता आपस में उलझ गये. भाजपा कार्यकर्ताओं ने आप कार्यकर्ताओं की पिटाई की.
सांसद ने कहा मारो इन्हें
’’हम सांसद आवास से काफी दूर पर नारे लगा रहे थे. सांसद बाहर निकले और उन्होंने ज्ञापन लेकर फाड़ कर फेंक दिया. वहीं अपने कार्यकर्ताओं को कहा, मारो इन्हें भगाओ यहां से. इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमें मारा. उन्होंने हम पर पत्थर से भी हमला किया. हम इस घटना के खिलाफ चुप नहीं रहेंगे.
सुमंत चौधरी, प्रवक्ता, आप
