चाईबासा : मैट्रिक व इंटरमीडिएट की परीक्षा कदाचारमुक्त कराने को लेकर झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने कमर कस ली है. इस संदर्भ में जैक की ओर से उपायुक्त व डीइओ को पत्र लिख कर कई दिशा-निर्देश दिये गये हैं.
जैक ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर परीक्षा केंद्रों पर नकल होती है, तो इसके जिम्मेवार केंद्राधीक्षक होंगे. नकल होने पर परीक्षार्थी के साथ-साथ केंद्राधीक्षक पर भी कार्रवाई होगी. परीक्षा हॉल के अंदर तैनात वीक्षकों के लिए विशेष पहचान पत्र जारी किया जायेगा.
इस पहचान पत्र को वीक्षक अपने गले में लटका कर रखेंगे. राज्य स्तर पर गठित उड़नदस्ता की टीम वीक्षकों के गले में पहचान पत्र लटक रहा है कि नहीं, इसकी भी जांच करेगी. परीक्षा हॉल के अंदर मोबाइल, रिकॉर्डर या अन्य अवांछित सामान ले जाने पर भी केंद्राधीक्षक को जवाबदेही लेनी पड़ेगी. जैक ने परीक्षार्थियों को भी अवांछित सामान परीक्षा हॉल में नहीं ले जाने के लिए चेताया है.
