मनोहरपुर/आनंदपुर : मनोहरपुर/आनंदपुर. आनंदपुर प्रखंड में हाथियों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है. हथिनी की मौत के बाद क्षेत्र के हाथी काफी आक्रामक हो गये हैं. जानकारी के अनुसार गुरुवार मध्य रात्रि 18 हाथियों के झुंड ने बुरुतुलुंडा गांव में हमला बोल दिया. इस दौरान गांव के 48 वर्षीय सोनाराम प्रधान तथा उसका सात वर्षीय पुत्र संजीत प्रधान को हाथियों ने रौंद कर मार डाला.
हाथियों का झुंड मोरंग पहाड़ से गांव में प्रवेश किया था. सोनाराम अपने पुत्र संजीत के साथ घर से थोड़ी दूरी पर अपने खलिहान में धान व सब्जियों की रखवाली के लिए एक झोपड़ी में सोया हुआ था. हाथियों का झुंड धान खाने की मकसद से उक्त स्थान पर पहुंचा और झोपड़ी को ध्वस्त करते हुए पिता-पुत्र को मार डाला.
आनंदपुर वन क्षेत्र के वनपाल अभय कुमार ने मौके पर पहुंच कर पीड़ित परिवार को दाह-संस्कार के लिए 15 हजार रुपये की आर्थिक मदद की. साथ ही पीड़ित परिवार को अन्य आर्थिक लाभ देने का भी आश्वासन दिया.
