जमशेदपुर/बड़ाबांबो : चक्रधरपुर और बड़ाबांबो स्टेशन के बीच मानवरहित फाटक पर आद्रा-हावड़ा पैसेंजर (58012) के टक्कर से चार मवेशियों की मौत हो गयी, जबकि बोलेरो के परखच्चे उड़ गये. घटना सोमवार की शाम सवा पांच बजे की है.
घटना में दो मवेशी घायल हो गये. बताया जाता है कि बोलेरो से छह मवेशियों को ले जाया जा रहा था. घटना के बाद बोलेरो ट्रैक के बीच में फंस गयी थी. इस कारण ट्रेन पौने एक घंटा लेट हुई. दूसरी ओर घटना के बाद इंजन स्टार्ट होने में दिक्कत हो रही थी. शाम छह बजे ट्रेन को धीमी गति से राजखरसावां स्टेशन पर ले जाया गया. वहां दूसरा इंजन लगाकर आद्रा के लिए रवाना किया गया. चक्रधरपुर डिवीजन में मानवरहित फाटक पर एक माह में यह दूसरी घटना हुई. सोमवार को हुई घटना की रिपोर्ट ट्रेन ड्राइवर और गार्ड ने चक्रधरपुर डिवीजन कंट्रोल को दी है.
डीआरएम ने दिये जांच के आदेश
चक्रधरपुर और बड़ाबांबो स्टेशन के बीच मानवरहित फाटक पर आद्रा पैसेंजर से भैंस लदा बोलेरो की टक्कर मामले में चक्रधरपुर के डीआरएम राजीव कुमार अग्रवाल ने जांच के आदेश दिये हैं.
