मनोहरपुर/आनंदपुर : अवैध शराब चुलाई व बिक्री के खिलाफ मनोहरपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर भालडुंगरी व आनंदपुर में कई अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया. साथ ही इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. मनोहरपुर थाना प्रभारी सुरेंद्र रविदास के नेतृत्व में चलाये गये अभियान के दौरान भालडुंगरी गांव निवासी उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के पारा शिक्षक ललित देहरी के घर पर छापामारी के दौरान काफी मात्र में तैयार शराब के साथ गिरफ्तारी की गयी है.
इसके अलावा शंकर कालो व सोहन साहू के घर से भारी मात्र में तैयार शराब,शराब बनाने की सामग्री,महुआ का जावा, महुआ की बरामदगी करते हुये साहन की पत्नी विमला देवी, शंकर कालो की पत्नी चंद्रीका देवी को गिरफ्तार कर लिया है. शंकर व सोहन मौके से फरार हो गये. अभियान के दौरान सुखनाथ लोहार,लीला देहरी,लथीया साहू,प्रसाद नाग,फेंकु नायक,हरिजीवन अमात, विदेशी अमात के घरों में भी छापेमारी कर शराब,महुआ,जावा,शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले उपकरणो को जब्त किया गया है. मौके पर ही पुलिस ने शराब भट्ठियों को ध्वस्त करते हुये कच्चे माल व शराब को नष्ट कर दिया. इस अभियान में मनोहरपुर थाने के एएसआइ चिरंजीत कुमार, जी. तिवारी, आनंदपुर सीआरपीएफ 174 / सी बटालियन के सहायक समादेष्टा रंजीत कुमार रजक समेत काफी संख्या में सुरक्षा बल के जवान मौजूद थे.
