पांच लड़कियां बचीं, दलाल धराया
चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिला से पांच नाबालिग लड़कियों को काम दिलाने के बहाने चेन्नई ले जाने के दौरान पकड़ा गया. लड़कियों के साथ उनके दो मामा और एक दलाल भी पकड़े गये हैं. लोगों ने सभी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है. जानकारी के मुताबिक, कुमारडुंगी प्रखंड के नरसंडा व बुरूसाई गांव की […]
चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिला से पांच नाबालिग लड़कियों को काम दिलाने के बहाने चेन्नई ले जाने के दौरान पकड़ा गया. लड़कियों के साथ उनके दो मामा और एक दलाल भी पकड़े गये हैं. लोगों ने सभी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है.
जानकारी के मुताबिक, कुमारडुंगी प्रखंड के नरसंडा व बुरूसाई गांव की पांच लड़कियों को चेन्नई ले जाने के लिए बस से चक्रधरपुर लाया गया था. टाटा-एलेप्पी एक्सप्रेस से सभी को चेन्नई जाना था. ट्रेन आने में देर होने के कारण पांचों लड़कियां बाजार घूमने के बहाने पवन चौक आ गयीं. इस बीच ट्रेन का समय हो जाने पर दलाल बिहार के जमुई जिला के धरम गांव निवासी रमेश पासवान ने लड़कियों के मामा कानू राम पूर्ति व साहु पूर्ति को मोबाइल पर कॉल कर स्टेशन लेकर आने को कहा.
यहां दोनों मामा ने जब लड़कियों को चलने के लिए कहा तो, सभी ने जाने से इनकार का दिया. उन्होंने कहा कि अधिक पैसा मिलेगा तो जायेंगी. इस बीच मामा और लड़कियों के बीच बकझक होने लगी. उनकी बातें मकई बेचने वाली महिला कांडेराम सामाद की पत्नी बाममती बोदरा ने सुना. हो भाषा में चल रही बातचीत को वह पूरी तरह समझ गयी. उसने मामले की जानकारी अपने पति को दी. पति ने इसकी सूचना झामुमो नेता शशि भूषण सामाड को दी. इस पर श्री सामाड अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और सब को पकड़ कर सृजन महिला विकास मंच के दंदासाई स्थित कार्यालय ले गये. इस दौरान मौके पर पहंुचे दलाल को भी लोगों ने पकड़ लिया.
सृजन महिला विकास मंच की सचिव नरगिस खातून ने सभी लड़कियों के बारे में जानकारी हासिल करने के बाद चक्रधरपुर थाना को मामले की सूचना दी. चक्रधरपुर पुलिस ने लड़कियों सहित दो मामा और दलाल को पकड़ लिया. सभी को थाने लाया गया.