बंदगांव : सीआरपीएफ और पुलिस के रवैये से परेशान बंदगांव थाना अंतर्गत जलासर पंचायत के कुदमुद गांव के लोगों ने 11 सितंबर को बंदगांव बंद की घोषणा की है. इनका आरोप है कि पुलिस नक्सलियों के नाम पर ग्रामीणों को बेवजह परेशान करती है.
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दिनों सीआरपीएफ के जवानों ने नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया था. इस दौरान एक महिला के साथ छेड़छाड़ व तीन ग्रामीणों के साथ मारपीट की गयी. इसके विरोध में मंगलवार की शाम को बंदगांव से 25 किलोमीटर दूर कुदमुद गांव के ग्रामीण बंदगांव थाना पहुंचे. उनका नेतृत्व ग्राम मुंडा मिखाईल लोमगा ने किया.
ग्रामीणों ने दोषी सीआरपीएफ के जवानों पर कार्रवाई करने की मांग की. ग्रामीणों का आरोप है कि नक्सलियों का सहयोग करने का आरोप लगा कर ग्रामीणों को प्रताड़ित किया जाता है. इसी मुद्दे को लेकर बंद का एलान किया गया है.
