किरीबुरू : सेल के वेतन समझौता पर दिल्ली के सम्राट होटल में मजदूर संगठनों व सेल प्रबंधन के बीच एक जुलाई को हुई बैठक में अंतिम मुहर लगी. अब सेल कर्मियों को बेसिक व डीए का 17 फीसदी अधिकतम मिलेगा. उक्त आशय की जानकारी एटक, किरीबुरू के सचिव कन्हैया सिंह एवं मेघाहातुबुरू एटक के अध्यक्ष जेपी सिंह ने संयुक्त रूप से जारी बयान में कहा.
नेताओं ने कहा कि नये वेतन समझौते के तहत एरियर का भुगतान एक जनवरी 2012 से जोड़ कर 15 जुलाई 2014 को भुगतान होगा. तत्काल एरियर की कुल राशि का 50 फीसदी 15 जुलाई 2014 को भुगतान होगा. शेष राशि का भुगतान अप्रैल 2015 में होगा. सेवानिवृत्त कर्मचारियों को एरियर की एकमुश्त भुगतान होगी. ज्ञात हो कि नये वेतन समझौते के तहत 1,916 करोड़ रुपये सेल के ऊपर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा. साथ ही 447 करोड़ रुपये सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भुगतान करना पड़ेगा.
यह वेतन समझौता आरएमडी खदानों के चलते संभव हो पाया है. चूंकि सस्ती दर पर लौह-अयस्क की भरपाई आरएमडी करता है. नेताओं ने कहा कि आरएमडी खदानों के मजदूरों को अतिरिक्त सुविधा हासिल करने के लिए आगे की लड़ाई जारी रखनी होगी. इस बैठक में मजदूर संगठनों की तरफ से इंटक, एटक, एचएमसी, सीआइटीयूसी, तृणमूल कांग्रेस के नेता व सेल प्रबंधन के अधिकारी शामिल थे.
सेल के वेतन समझौते से स्थानीय व्यवसायियों में सेल कर्मियों के साथ-साथ अधिक खुशी देखी जा रही है. शहर के प्रतिष्ठित कपड़ा व्यवसाई बम-बम वस्त्रालय के मालिक सह पंचायत समिति सदस्य संतोष प्रसाद ने कहा कि सेल खदान क्षेत्र में मैन पावर की कमी की वजह से पहले से व्यवसाय का हाल बुरा था. दूसरी तरफ महंगाई ने कमर तोड़ रखी है.
ऐसे में 17 फीसदी वेतन बढ़ोतरी ने बाजार व व्यवसायियों को संजीवनी देने का काम किया है. मजदूरों का वेतन बढ़ेगा तो वह पैसा स्थानीय बाजार में आयेगा, जिसका लाभ व्यवसायियों को भी मिलेगा.
