टेक्नो इंडिया के कॉलेज प्रबंधन व विद्यार्थियों के बीच वार्ता
चाईबासा : बेहतर पढ़ाई के लिये ट्रेंड फैकल्टी की नियुक्त की मांग को लेकर कैलेंडी स्थित टेक्नो इंडिया इंजीनियरिंग कॉलेज छात्रों द्वारा तोड़-फोड़ करने व शिक्षकों को बंधक बनाने की घटना के बाद आज प्रबंधन की ओर से छात्रों के साथ वार्ता की गयी. इस दौरान छात्रों ने फैकल्टी की संख्या बढ़ाने, स्किल्ड फैकल्टी की नियुक्ति करने, मेडिकल की सुविधा, कैंपस में वाई-फाई की सुविधा व स्टेडियम की सुविधा बढ़ाने की मांग रखी.
छात्रों की मांगों को सुनने के उपरांत कॉलेज के डायरेक्टर एसएस दासगुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों की सभी मांगे जल्द पूरी की जायेगी. उन्होंने छात्रों को बताया कि कॉलेज के लिये पांच शिक्षकों की नियुक्ति की गयी है. जिसमें से तीन मंगलवार से ही क्लास लेंगे. जबकि जल्द ही अन्य दो शिक्षक भी योगदान देंगे. उन्होंने छात्रों से समस्या आने पर संयम बरतने तथा तोड़-फोड़ से दूर रहने की सलाह दी.
उन्होंने कहा कि कॉलेज की प्रॉपर्टी छात्रों की है. इसे नुकसान पहुंचने पर उन्हें ही इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा. छात्रों के भविष्य को देखते हुए प्रबंधन तोड़-फोड़ व शिक्षकों को बंधक बनाने को लेकर कोई शिकायत थाने में दर्ज नहीं करायी थी. वार्ता के दौरान कॉलेज के प्राचार्या सुदीप्तो सेनगुप्ता, झींकपानी बीडीओ शंकर एक्का, एसडीपीओ बी कुल्लू, झींकपानी थाना प्रभारी रामेश्वर राम, सदर थाना प्रभारी अनिल सिंह आदि मौजूद थे.
