संत जेवियर्स व प्रिया इलेक्ट्रॉनिक लूट में नया मोड़
चाईबासा : संत जेवियर्स स्कूल व प्रिया इलेक्ट्रॉनिक्स लूटकांड में सदर पुलिस ने एक स्थानीय सूचक बलराम झा उर्फ छोटू इर्फ पंडित को गुरुवार गिरफ्तार कर लिया. वहीं इस लूटकांट से जुड़े दो मुख्य आरोपियों अफजल हुसैन उर्फ विक्की तथा मो सद्दाम को आदित्यपुर पुलिस ने गोली व बमबारी के मामले में गिरफ्तार किया है.
चाईबासा के दोनों लूटकांडों में हुई गिरफ्तारी का खुलासा गुरुवार की शाम सदर थाने में सर्कल इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने किया. सुधीर कुमार ने बताया कि आदित्यपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार विक्की व सद्दाम को सदर पुलिस रिमांड पर लाने की तैयारी में है. इधर पकड़ा गया बलराम चाईबासा कुम्हारटोली निवासी है जो पूर्व में भी बाइक लूट में जेल जा चुका है. लूट के दोनों ही मामले में बलराम ने रेकी कर जानकारी डेनियल तथा अफजल को पहुंचायी. लूटकांड में 25 अप्रैल को डेनियल की गिरफ्तारी हुई थी. दोनों लूट में चार आरोपी पुलिस के हाथ आ चुके है.
प्रिया इलेक्ट्रॉनिक्स लूट मामले में सात आरोपी शामिल थे. लूटकांड में शामिल दो आरोपियों में आदित्यपुर के संजय सरकार तथा मानगो के अफसर की पुलिस को तलाश है. सात अप्रैल की रात संत जेवियर्स में डेढ़ लाख तथा 20 अप्रैल की रात प्रिया इलेक्ट्रॉनिक्स में चार लाख लूट हुई थी.
