किरीबुरू : गर्मी के दस्तक के साथ ही किरीबुरू की बस्तियों में जल संकट गहराने लगा है. सप्लाइ पानी वाले नलों में लोगों की लंबी कतार लग रही है. पानी की समस्या से चर्च हाटिंग, प्रोस्पेक्टिंग, मेन मार्केट, गाड़ा हाटिंग, बाकल हाटिंग, पीडब्ल्यूडी हाटिंग आदि इलाकों के लोग जूझ रहे हैं. सेल प्रबंधन ने इन इलाकों में नल लगाये हैं लेकिन जितनी देर पानी की सप्लाइ होती है उससे लोगों की जरूरतें इस मौसम में पूरी नहीं होती. कई बार पानी लेने को लेकर लोगों में टकराव भी हो जाता है.
दो किमी दूर से पानी लाते है बहुईया के लोग
किरीबुरू के बहुईया गांव के लगभग 100 परिवार पानी की बूंद-बूंद के लिए जद्दोजहद कर है. जिप सदस्य बामिया के अनुसार सेल की ओर से गांव में आठ-नौ चापाकल जरूर लगाये गये है लेकिन सभी खराब है. इसके कारण गांव वालों को दो किलोमीटर दूर पोंगा नदी से जरूरत का पानी लाना पड़ता है. ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में लगी आग के कारण नदी का पानी भी काला हो गया है. इस कारण जो पानी का उपयोग वे कर रहे वह भी बीमारियों को आमंत्रण देने वाला है.
