एसडीओ व एसडीपीओ ने की वाहनों की जांच
चक्रधरपुर : झाविमो प्रत्याशी कृष्णा गागराई के रोड शो में शामिल वाहनों को एनएच-75 पर चक्रधरपुर के एक वार्ड पोटका में अनुमंडल पदाधिकारी छवि रंजन व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक प्रियदर्शी ने रोक दिया. इस दौरान रोड शो की अनुमति की जांच की गयी. गोपनीय शाखा से जानकारी लेने पर रोड शो की अनुमति होने की जानकारी मिली.
इसके बाद वाहनों के कागजात व हेलमेट आदि की जांच की गयी. इस दौरान उस मार्ग से गुजरने वाले अन्य वाहनों की भी जांच की गयी.
जानकारी के अनुसार, चुनाव प्रचार काफिला को रोकने के बाद प्रत्याशी कृष्णा गागराई के दो चार पहिया वाहनों और 20 कार्यकर्ताओं की मोटरसाइकिल को चक्रधरपुर थाना लाया गया. सभी वाहनों के कागजात की जांच कर छोड़ दिया गया. इस बाबत श्री गागराई ने कहा कि रोड शो कार्यक्रम की स्वीकृति ली गयी थी. जांच अभियान के कारण पार्टी के तय कार्यक्रम में बाधा पहुंची.
वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी छवि रंजन ने कहा कि जांच अभियान जारी रहेगा. वाहन मालिक कागजात साथ लेकर चलें. ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि प्रत्याशी व पार्टी के नेता किसी भी स्थान पर प्रलोभन देते हैं, तो लोग इसकी शिकायत करें.
