मनोहरपुर में झारखंड-ओड़िशा पुलिस व सीआरपीएफ की बैठक
पश्चिमी सिंहभूम व सुंदरगढ़ पुलिस संयुक्त रूप से कार्य करेगी
मनोहरपुर : मनोहरपुर के वन विश्रमागार में झारखंड-ओड़िशा राज्य के पुलिस अधिकारियों व केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त बैठक हुई. इसमें पश्चिमी सिंहभूम जिला के पुलिस कप्तान नरेंद्र सिंह, ओड़िशा के सुंदरगढ़ के पुलिस अधीक्षक अमितेंद्रनाथ सिन्हा , सीआरपीएफ 19 के कमांडेट द्विजेंद्र सिंह भंडारी आदि अधिकारी शामिल हुए. बैठक में ओड़िशा के सुंदरगढ़ में होने वाले विधानसभा व लोकसभा चुनाव और पश्चिमी सिंहभूम में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गयी. इसमें दोनों जिलों की पुलिस में सामंजस्य स्थापित किया गया.
इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सली गतिविधियों पर रोक लगाने और शांति व्यवस्था कायम करने पर मंथन किया गया. इस दौरान ओड़िशा व चाईबासा क्षेत्र से पकड़े गये नक्सलियों व वांछित अपराधियों की सूची का आदान प्रदान किया गया. इसमें सारंडा समेत सिंहभूम जिला व सुंदरगढ़ जिला के नक्शे के माध्यम से विभिन्न थानों के थानाध्यक्षों को आगे की कार्रवाई करने की जानकारी दी गयी. बैठक में मुख्य रूप से सिंहभूम जिले से एएसपी (अभियान) विकास कुमार सिन्हा , एसआइ विजय भूषण मिंज,सीआरपीएफ 197 बटालियन के डीसी राधेश्याम,19 बटालियन के डीसी दीपक कुमार,जीके झा,डीएसपी किरीबुरू रजत मानिक बाक्सला, छोटेलाल पासवान सीआइ, सुरेंद्र रविदास ओसी मनोहरपुर के अलावा ओड़िशा के बोनाई एएसपी राधा विनोद पाणिग्राही,सुशांत दास ओसी बिश्र, नरेंद्र कुमार सारंगी लाठीकाटा, बाटा कु. स्वाई काल्टा, मनोरंजन प्रधान केवलांग थाने से मौजूद थे.
