जगन्नाथपुर : नशे में धुत्त चालक राजू आलम द्वारा कोलाईसाई से जगन्नाथपुर के विशल टोली तक तीन किलोमीटर डाला उपर हाईवा चलाये जाने से बिजली की कई तारों के साथ चार बिजली के खंबे टूट गये. चालक की इस लापरवाही के कारण क्षेत्र में कोहराम मच गया. विशाल टोला के पास सैकड़ों लोगों ने बगैर हेलपर के गाड़ी चला रहे चालक को गाड़ी समेत किसी तरह रोका. लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी.
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे किरीबुरू डीएसपी रजतमणी मनी बाखला ने लोगों के कब्जे से चालक छुड़ाकर गिरफ्तार कर लिया था. घटना शाम साढ़े 6 बजे की है. रोशन रोडवेज नोवामुंडी की हाईवा संख्या जेएच-05एएफ/3103 को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है. इस घटना के कारण करीब 30 लोगों के घरों की बिजली का तार टूट गया है. चालक राजू आलम ने बताया कि उसके पास ड्राईविंग लाइसेंस नहीं है. चालक की लापरवाही से एक बड़ी घटना हो सकती थी. लेकिन जिस समय यह घटना घटी उस समय लाइन कटी हुई थी. बिना खलासी के कई माल वाहक गाड़ियां चल रही हैं. इस पर रोक लगाने में प्रशासन विफल है.
