पदाधिकारियों को सौंपी गयी जिम्मेदारी, 27 से 30 अप्रैल तक होंगे कई कार्यक्रम

जिला स्थापना दिवस के आयोजन को लेकर जिला स्तरीय बैठक का आयोजन

सिमडेगा. उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्थापना दिवस के आयोजन को लेकर जिला स्तरीय बैठक हुई. बैठक में 27 अप्रैल से 30 अप्रैल तक प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गयी और संबंधित पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गयीं. इस वर्ष सिमडेगा जिला स्थापना के 25 वर्ष पूरा होने पर कार्यक्रमों को अधिक भव्य, सुव्यवस्थित व जनसहभागिता आधारित बनाने पर जोर दिया गया. निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार 27 अप्रैल को पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि 29 अप्रैल को महिलाओं के लिए मेगा हेल्थ कैंप लगाया जायेगा. 30 अप्रैल को मुख्य कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जायेंगी. सुबह छह बजे परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन होगा, जिसकी जिम्मेदारी जिला क्रीड़ा पदाधिकारी को दी गयी है. पूर्वाह्न 10 बजे से नगर भवन में दिव्यांगजन सशक्तिकरण के उद्देश्य से पर्पल फेयर आयोजित किया जायेगा. इसके बाद दोपहर 12 बजे सदर अस्पताल में बच्चों के कटे होंठ (क्लेफ्ट लिप) से संबंधित विशेष मेडिकल कैंप लगाया जायेगा. अपराह्न चार बजे अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में अंडर-16 बालिकाओं की हॉकी प्रतियोगिता होगी. शाम 5:30 बजे हैरिटेज सेंटर सह म्यूजियम में कविता पाठ का आयोजन किया जायेगा, जिसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत होंगे. इन कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी, जबकि उनकी उपस्थिति व व्यवस्था की जिम्मेदारी शिक्षा विभाग को सौंपी गयी है. कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों व कर्मियों को प्रशस्ति पत्र तथा खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र प्रदान किये जायेंगे. साथ ही जिले के 25 वर्षों के विकास एवं परिवर्तन पर आधारित चार से पांच मिनट की डॉक्यूमेंट्री तैयार करने का निर्देश दिया गया है. बैठक में विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारियां निर्धारित की गयीं. उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे, वन प्रमंडल पदाधिकारी शशांक शेखर सिंह, उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, अपर समाहर्ता, परियोजना निदेशक आइटीडीए, अनुमंडल पदाधिकारी, एलआरडीसी समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >