सिमडेगा से रविकांत साहू की रिपोर्ट
Simdega News: झारखंड के सिमडेगा जिले से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जहां एक दिव्यांग महिला के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और ठगी की घटना हुई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना ने समाज को झकझोर दिया है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.
कौन है गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोरंजन एक्का के रूप में हुई है, जो गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र के पेटसेरा गांव का निवासी है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले की जांच महिला थाना में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई.
मोबाइल से हुई पहचान
डीएसपी मुख्यालय रनवीर सिंह के अनुसार, पीड़िता और आरोपी के बीच पहली बार वर्ष 2014 में मोबाइल के जरिए संपर्क हुआ था. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और जान-पहचान गहरी हो गई. सितंबर 2021 से आरोपी का पीड़िता के घर आना-जाना शुरू हो गया, जिसके बाद उसने शादी का झांसा देकर उसका विश्वास जीत लिया.
शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने शादी का वादा कर पीड़िता के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए. पीड़िता आरोपी की बातों में आकर उसके साथ रहने लगी. दोनों कुछ समय तक चाईबासा में साथ रहे, जहां आरोपी ने खुद को उसका जीवनसाथी बताकर भरोसा बनाए रखा.
दूसरी शादी कर आरोपी फरार
कुछ समय बाद आरोपी काम पर जाने का बहाना बनाकर वहां से फरार हो गया. इसके बाद पीड़िता को जानकारी मिली कि आरोपी ने 14 जनवरी 2026 को किसी दूसरी युवती से विवाह कर लिया है. यह जानकारी सामने आने के बाद पीड़िता को ठगे जाने का एहसास हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की.
दिव्यांगता सहायता राशि भी हड़पी
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने न केवल उसके साथ दुष्कर्म किया, बल्कि उसकी दिव्यांगता से मिलने वाली सहायता राशि भी हड़प ली. इस वजह से उसे आर्थिक और मानसिक दोनों तरह से नुकसान उठाना पड़ा.
इसे भी पढ़ें: रांची में महिला आक्रोश मार्च, इंडी गठबंधन के खिलाफ नारी शक्ति ने भरी हुंकार, देखें वीडियो
पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेजा
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: अवैध संबंध बनाने के लिए पति की कराई थी हत्या, फरार एक और आरोपी गिरफ्तार
