सिमडेगा : समाहरणालय स्थित आत्मा कार्यालय के सभागार में आत्मा के तत्वावधान में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत दलहन बीज उत्पादन विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया.
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त विजय कुमार सिंह उपस्थित थे. कार्यक्रम के दौरान दलहन की खेती के गिरते प्रतिशत पर चिंता व्यक्त की गयी. अन्य फसलों के साथ-साथ दलहन को बढ़ावा देने पर बल दिया गया. दलहन की खेती को बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से मंथन किया गया. मौके पर उपस्थित कृषि पदाधिकारियों व कृषि वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए उपायुक्त विजय कुमार सिंह ने कहा कि दलहन की खेती को बढ़ावा देने की जरूरत है.
दलहन के उत्पादन में वृद्धि होनी चाहिए. दलहन की खेती को बढ़ावा देने में प्रशासन से जो भी सहयोग की जरूरत होगी, उसे दिया जायेगा. दलहन खेती के लिए जो भी योजनाएं हैं, उसे पूर्ण रूप से सफल बनायें. कार्यक्रम के दौरान सीड ग्राम बनाने पर भी चर्चा की गयी. बताया गया कि बीज की कमी के कारण भी दलहन की खेती में कमी आयी है. सीड ग्राम बनाने से हम प्रयुक्त मात्रा में दलहन का बीज प्राप्त कर सकते हैं. इसके तहत कई गांव में बीज का उत्पादन किया जा सकेगा.
उपायुक्त श्री सिंह ने सीड ग्राम बनाने पर जोर दिया तथा इसका क्रियान्वयन शीघ्र करने का भी निर्देश दिया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला कृषि पदाधिकारी अनिमानंद टोप्पो, आत्मा के परियोजना निदेशक कृष्ण बिहारी, नाबार्ड के निदेशक शोभा रानी केरकेट्टा के अलावा कृषि विभाग के अन्य पदाधिकारी व कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक उपस्थित थे. कार्यक्रम को सफल बनाने में आत्मा के अलावा नाबार्ड एवं अमर जागृति केंद्र के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
