सिमडेगा़ : युवा कांग्रेस पार्टी के तत्वावधान में सोमवार को शहरी क्षेत्र के महावीर चौक में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया. पुतला दहन से पहले पूर्व विधायक नियेल तिर्की के आवास से युवा कांग्रेस पार्टी द्वारा जुलूस निकाला गया. जुलूस में लोगो ने प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री का पुतला पकड़ रखा था.
कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सोनार टोली, प्रिंस चौक से गुजरते हुए महावीर चौक पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया. यहां पर खूंटी के वेद प्रकाश मिश्रा, हजारीबाग के मो रेयाज अहमद व मो सोहेल मुख्य रूप से उपस्थित थे. वेद प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि विधायक जनता के प्रतिनिधि हैं.
जनता उनके पास बिजली समस्या लेकर गयी थी, किंतु विधायक ने जनता पर झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया है़ जिले में पावर ग्रिड का काम अधूरा है. हवा आने पर दो दिन बिली गुल हो जाती है. जनता की समस्या को सुनने वाला कोई नहीं है. कार्यक्रम का नेतृत्व युवा कांग्रेस पार्टी के विशाल तिर्की ने किया. इस अवसर पर काफी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित थे.
