सिमडेगा : सदर अस्पताल स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में एंथ्रेक्स पर शुक्रवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस मौके पर स्वास्थ्य निदेशक डॉ रमेश प्रसाद, स्वास्थ्य उप निदेशक डॉ एडीएन प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ एजाज अशरफ मुख्य रूप से उपस्थित थे. कार्यशाला में सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बीटीटी व सहिया साथियों ने भाग लिया.
कार्यशाला में स्वास्थ्य निदेशक डॉ रमेश प्रसाद ने कहा कि एंथ्रेक्स को लेकर व्यापक प्रचार प्रसार करें. लोगों को एंथ्रेक्स की जानकारी दें और इससे बचने के लिए जागरूकता अभियान चलायें. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को मरे हुए मवेशी का मांस नहीं खाने एवं मवेशी के मर जाने पर उसे गाड़ने या जलाने की हिदायत दें, ताकि एंथ्रेक्स के प्रकोप से बचा जा सके. इस कार्य में बीटीटी, सहिया एवं सेविकाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. उन्होंने दीवार लेखन पर भी विशेष बल दिया.
डॉ प्रसाद ने कहा कि बीटीटी व सहिया अपने-अपने गांव में ग्रामीणों की बैठक आयोजित कर एंथ्रेक्स बीमारी की जानकारी दें तथा इस बीमारी से बचने के उपाय बतायें.
उन्होंने उपस्थित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों से कहा कि अपने केंद्र में शिविर आयोजित कर सहिया बहनों को एंथ्रेक्स की जानकारी दें, ताकि वह ग्रामीणों को इसकी जानकारी दे सके. उन्होंने पशुपालन विभाग को भी इस दिशा में महती भूमिका निभाने का निर्देश दिया. इस अवसर पर एसीएमओ डॉ बेरोनिका तिर्की, डॉ अध्ययन शरण, जिला कार्यक्रम समन्वयक हाकिम प्रधान के अलावा अन्य उपस्थित थे.
