रांची़ : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 2 मई को सिमडेगा में दिन के 10 बजे खूंटी के कांग्रेस प्रत्याशी कालीचरण मुंडा के समर्थन में सभा करेंगे. यह जानकारी कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राजेश ठाकुर ने दी. उन्होंने बताया कि कांग्रेस के स्टार प्रचारक छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल 27 अप्रैल को ईचागढ़, सिल्ली, तमाड़, रामगढ और ओरमांझी में सभा को संबोधित करेंगे. वहीं 26 अप्रैल को पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर आयेंगे़ वे पलामू व चतरा में सभा को संबोधित करेंगे.
रांची : भाजपा ने जनता के साथ अन्याय किया, पर कांग्रेस उनके साथ न्याय करेगी. यह न्याय बेरोजगारों के लिए रोजगार के अवसर और वंचितों के जीवन में खुशहाली लायेगा.
गुरुवार को यह बातें कांग्रेस और महागठबंधन के रांची संसदीय क्षेत्र से साझा प्रत्याशी सुबोधकांत सहाय ने कही. श्री सहाय शतरंजी में सभा को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही सबसे पहले किसानों का कर्ज माफ करेगी. छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में सत्ता में आते ही कांग्रेस ने ऐसा किया है.
झारखंड में खाली पड़े साढ़े छह लाख से अधिक पदों पर बहाली की जायेगी. बेरोजगारों को रोजगार का अवसर, तो मिलेगा ही कर्मचारियों की कमी से जूझ रहे सरकारी महकमों को मैनपावर भी मिलेगा.कांग्रेस हर गरीब के खाते में साल में 72,000 रुपये डालेगी, जिससे उनका आर्थिक स्तर ऊंचा उठेगा. उनकी क्रय शक्ति भी बढ़ेगी.
