सिमडेगा: शहरी क्षेत्र के गुलजार गली स्थित मल्टीपरपस हॉल में नव नियुक्त सहायक पुलिस कर्मियों का तीन माह का प्रशिक्षण सोमवार को शुरू हुआ. सहायक पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए एसपी राजीव रंजन सिंह ने कहा कि आपके कंधे पर काफी जिम्मेवारी हैं. जिम्मेवारियों को गंभीरता पूर्वक निभाना है.
उन्होंने कहा कि अनुशासित रह कार्य करने की जरूरत है, क्योंकि पुलिस विभाग में अनुशासन जरूरी है. नशापान से दूर रहें . कोई भी कर्मी यदि नशापान करते हुए पकड़े जाते हैं, तो उन पर कार्रवाई होगी. पुलिस की छवि को बनाये रखने की जरूरत है.
लोगों में विश्वास पैदा कर तथा सकारात्मक सोच के साथ काम करने का प्रयास करें. तीन माह के इस प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन सहायक पुलिस कर्मियों को विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी. कार्यक्रम में एएसपी निर्मल गोप, पुलिस इंस्पेक्टर सह सार्जेंट मेजर सरोज कुमार श्रीवास्तव, मेजर राकेश दुबे व महिला थाना प्रभारी अशरफी पासवान के अलावा अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.
