चांडिल: नौरंगराय सूर्यादेवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर चांडिल में रक्षाबंधन का पर्व उत्साह और भाई-बहन के प्रेम के साथ मनाया गया. इस अवसर पर कक्षा द्वितीय से दशम तक के छात्रों द्वारा स्वनिर्मित राखियां तैयार कीं और अपने-अपने कक्षा के भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना की. वहीं, भाइयों ने भी बहनों की रक्षा करने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम के तहत विद्यालय की करीब 40-50 बहनें स्कूल बस से सरायकेला के दुगनी स्थित सीआरपीएफ कैंप पहुंचीं. यहां उन्होंने सीआरपीएफ जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया. विद्यालय की बहनों ने सीआरपीएफ कमांडेंट बलाई भगत, असिस्टेंट कमांडेंट पुरुषोत्तम वर्मा, ऑफिसर कुलवंत सिंह समेत करीब 80 जवानों की कलाई पर राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र एवं सुख-समृद्धि की प्रार्थना की.
इस अवसर पर कमांडेंट बलाई भगत, असिस्टेंट कमांडेंट पुरुषोत्तम वर्मा और प्रभारी प्रधानाचार्य सुब्रत चटर्जी ने रक्षाबंधन पर्व के महत्व और भाई-बहन के मधुर संबंध पर अपने विचार रखे. वही स्कूली बच्चियों को राखी बांधते देखकर कई जवान भावुक हो गए और कहा कि दूर रहकर सेवा करने के दौरान उन्हें अपने बच्चों और परिवार की याद आ गई. कार्यक्रम में विद्यालय की ओर से प्रभारी प्रधानाचार्य सुब्रत चटर्जी, पृथु सिन्हा, विष्णु सिंह, पूजा कौर उपस्थित थे.
