'दिन दिवानी रात सुहानी' की टीम विजेता, जिप अध्यक्ष ने किया सम्मानित

खरसावां के बड़ा सरगीडीह में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन हुआ। जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने विजेता टीमों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

बड़ाबांबो: खरसावां की तेलाईडीह पंचायत के बड़ा सरगीडीह गांव में न्यू बॉयज क्लब की ओर से दो दिवसीय रोमांचक फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लेकर अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया. समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष सह भाजपा नेता सोनाराम बोदरा और खरसावां की जिला परिषद सदस्य सावित्री बानरा शामिल हुए.

खिलाड़ियों से परिचय और रोमांचक मुकाबले

समारोह की शुरुआत में मुख्य अतिथि सोनाराम बोदरा एवं जिप सदस्य सावित्री बानरा ने मैदान पर पहुंचकर सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया. प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जहाँ खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन खेल से दर्शकों का दिल जीत लिया. मैदान पर खेल प्रेमियों की भारी भीड़ मौजूद रही, जो खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाती नजर आई.

विजेता टीमों को मिला नकद पुरस्कार और सम्मान

विजेता टीम को पुरस्कृत करते जिला परिषद अध्यक्ष

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद कड़ा रहा, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए 'दिन दिवानी रात सुहानी' की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया. विजेता टीम को अतिथियों द्वारा 15,000 रुपये की नकद राशि से पुरस्कृत किया गया.

वहीं, उपविजेता रही ‘आर नही तो पार’ की टीम को 10,000 रुपये और तीसरे स्थान पर रही 'बाबा एफसी हेरमा' की टीम को 6,000 रुपये की नगद राशि दी गयी. इसके अलावा चौथे से लेकर आठवें स्थान तक की टीमों को भी सांत्वना स्वरूप नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.

खेल युवाओं के विकास की रीढ़ : सोनाराम बोदरा

समारोह को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इसके माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है. ग्रामीण स्तर पर ऐसे आयोजनों से छुपी हुई प्रतिभाएं उभरकर सामने आती हैं. मौके पर धर्मेंद्र प्रधान, प्रशांत महतो, विष्कंठ प्रधान, विजय महतो, अमृत गागराई, लक्ष्मण गोप समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >