चांडिल. कुकड़ू प्रखंड के बुरुडीह गांव के समीप गुरुवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. बाघमुंडी के लोहिया शिव मंदिर से पूजा कर तिरुलडीह लौट रही तेज रफ्तार कार शहीद अजीत-धनंजय चौक के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे एक राहगीर की ओर बढ़ गयी. राहगीर समय रहते किनारे हट गया और बाल-बाल बच गया. इसके बाद कार सड़क किनारे घने जंगल में जा घुसी. हादसे में कार में सवार सात लोगों में से दो घायल हो गये, जबकि पांच लोग सुरक्षित बच गये.
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 3:45 बजे काले रंग की कार में सवार लोग पश्चिम बंगाल के बाघमुंडी थाना क्षेत्र स्थित लोहिया शिव मंदिर से पूजा-अर्चना कर तिरुलडीह लौट रहे थे. सिरुम स्थित शहीद अजीत-धनंजय चौक के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी. वाहन पहले सड़क किनारे चल रहे राहगीर की ओर बढ़ा और उसे बचाने के दौरान अनियंत्रित होकर जंगल में जा घुसा.
ग्रामीणों ने कार से सभी को बाहर निकाला
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला. सूचना मिलने पर नीमडीह पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल दोनों लोगों को इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल भेजा.
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटनाग्रस्त कार और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाये. बताया गया कि चालक नशे की हालत में था. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
