सरायकेला. JPSC-JSSC परीक्षा में भ्रष्टाचार के खिलाफ भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा पर निकले छात्र नेता देवेंद्र महतो गुरुवार को सरायकेला पहुंचे. यहां समर्थकों ने फूल माला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया. देवेंद्र महतो ने सिदो-कान्हू पार्क पहुंचकर सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इसके बाद बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया.
मीडिया से बातचीत में देवेंद्र महतो ने कहा कि वह 24 अगस्त को 24 संकल्प के साथ झारखंड के 24 जिलों की यात्रा पर निकले हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड में झारखंडियों को नौकरी मिलनी चाहिए. नौकरी पहचान, पैरवी, धांधली और भ्रष्टाचार के आधार पर नहीं, बल्कि योग्य, हुनरमंद, संघर्षशील और मेहनती युवाओं को पारदर्शी तरीके से मिलनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर पहले भूख हड़ताल, सत्याग्रह और विधानसभा घेराव के माध्यम से आंदोलन किया गया. उनके अनुसार आंदोलन के बाद सरकार को जांच बैठानी पड़ी. उन्होंने दावा किया कि जांच में भ्रष्टाचार के मामले सामने आये और भ्रष्टाचार के आरोप में 31 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
देवेंद्र महतो ने कहा कि आंदोलन के बाद 22 परीक्षाएं रद्द हुई हैं, 17 परीक्षाओं पर जांच बैठी है और छह परीक्षाओं पर रोक लगायी गयी है. उन्होंने कहा कि परीक्षाएं खरीद-बिक्री की वस्तु नहीं हैं. परीक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और छात्रों के सपने टूट रहे हैं.
उन्होंने कहा कि अब झारखंड में पहचान के आधार पर नहीं, बल्कि योग्यता के आधार पर नौकरी मिलनी चाहिए. पैरवी के आधार पर नहीं, हुनर के आधार पर नौकरी होनी चाहिए. इसी संदेश को लेकर 24 जिलों की यात्रा की जा रही है.
देवेंद्र महतो ने युवाओं से इस संघर्ष में साथ देने की अपील की. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इसके बाद भी नहीं चेती, तो झारखंड बंद और चक्का जाम किया जाएगा. मौके पर उनके साथ दर्जनों समर्थक मौजूद थे.
