चांडिल थाना क्षेत्र के जयदा स्थित सुवर्णरेखा नदी छठ घाट पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. दिल्ली का एक पिकअप वैन चालक नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में बह गया. देर रात तक उसकी तलाश जारी रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. वही सोमवार की सुबह एनडीआरएफ की टीम जयदा सुवर्णरेखा नदी पहुंचकर चालक की तलाश शुरू कर दी. एनडीआरएफ की टीम ने जयदा मंदिर के पास से शाहरुख खान का शव बरामद किया.
जमशेदपुर से दिल्ली लौट रहा था शाहरुख
मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी चालक शाहरुख खान अपने अन्य चालक साथियों के साथ सामान लेकर जमशेदपुर आया था. माल खाली करने के बाद सभी दिल्ली लौट रहे थे. इसी दौरान रविवार शाम करीब 6 बजे वे जयदा छठ घाट पर नहाने के लिए रुके. उस समय चांडिल डैम के सातों रेडियल गेट खुले होने के कारण सुवर्णरेखा नदी में पानी का तेज बहाव था. नहाने के दौरान शाहरुख अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज धारा में बह गया. साथ मौजूद चालक और खलासी ने शोर मचाकर स्थानीय लोगों से मदद मांगी तथा तत्काल चांडिल थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन शुरू की. हालांकि अंधेरा होने और नदी में तेज बहाव के कारण देर रात तक चालक का पता नहीं चल सका. चांडिल थाना पुलिस ने बताया कि नदी में तेज बह गया था. सोमवार सुबह से एनडीआरएफ की टीम के द्वारा चालक की तलाश कर शव को बरामद किया. वही चांडिल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया.
