मूसलाधार बारिश के बीच भिड़ीं 40 टीमें, ओडिशा की बिड़ला गोल्ड सालोय ने जीता फुटबॉल का खिताब

बुढ़ीसिरिंग फुटबॉल प्रतियोगिता में 40 टीमों ने लिया भाग, बिड़ला गोल्ड सालोय ने शानदार प्रदर्शन कर जीता खिताब. जानिए पूरी खबर यहां.

राजनगर: प्रखंड क्षेत्र के बुढ़ीसिरिंग गांव में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक समापन हुआ. समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो के केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो के वरिष्ठ नेता कालीपद सोरेन, केन्द्रीय सदस्य बिशु हेम्ब्रम, बुद्धिजीवी मोर्चा जिलाध्यक्ष दुर्गा लाल मुर्मू उपस्थित रहे. इस फुटबॉल प्रतियोगिता में कुल 40 टीमों ने हिस्सा लिया था.

बिड़ला गोल्ड सालोय की टीम बनी चैंपियन

फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओडिशा की बिड़ला गोल्ड सालोय की टीम विजेता बनकर चैंपियन बनी. सवैंया ब्रादर्श उपविजेता रही. वहीं रिचीतुका एफसी ने तृतीय, डीएसडीजे एफसी ने चतुर्थ तथा जूनियर स्पोर्टिंग तुपुडांग ने पांचवां स्थान हासिल किया. फाइनल मुकाबले के दौरान मूसलाधार बारिश ने खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों की भी परीक्षा ली.

इसके बावजूद खेल का रोमांच और उत्साह तनिक भी कम नहीं हुआ. बारिश के बीच दोनों टीमों के खिलाड़ी पूरे जोश के साथ मैदान में डटे रहे. वहीं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी छाता लेकर मैदान के किनारे खड़े होकर मुकाबले का आनंद लेते नजर आए. सभी स्थान पाने वाले टीमों को अतिथियों ने विजेता, उपविजेता समेत अन्य स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को नगद पुरस्कार एवं ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया.

खेल के माध्यम से भी बेहतर भविष्य बनाया जा सकता है: कृष्णा बास्के

मौके पर मुख्य अतिथि कृष्णा बास्के ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल के माध्यम से एकता और भाईचारे का संदेश मिलता है. खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा के दम पर क्षेत्र, राज्य और देश का नाम रोशन करने का प्रयास करना चाहिए. उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से भी बेहतर भविष्य बनाया जा सकता है, लेकिन खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए.

विशिष्ट अतिथि कालीपद सोरेन ने कहा कि खिलाड़ियों को ऐसा प्रदर्शन करना चाहिए कि लोग उन्हें सम्मान और आदर के साथ याद करें. प्रतियोगिता में शामिल होने वाला प्रत्येक खिलाड़ी कुछ न कुछ सीखकर जाता है. उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिभा दिखाने का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता मजबूत करने का भी जरिया है.

इस अवसर पर झामुमो के वरिष्ठ नेता कालीपद सोरेन, केंद्रीय सदस्य बिशु हेम्ब्रम, बुद्धिजीवी मोर्चा के जिलाध्यक्ष दुर्गा लाल मुर्मू, प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हेम्ब्रम, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रामजीत उर्फ लालू हांसदा, सोनाराम मुर्मू, भक्तु मार्डी, संजय हांसदा, धानु टुडू, श्याम टुडू, रोही मुर्मू, बाया टुडू समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं ग्रामीण उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Surendra mardi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >