खरसावां : कोल्हान नितिर तुरतुंग (केएनटी) शाखा, कुचाई में शनिवार सुबह अशोका इंटरनेशनल स्कूल, खरसावां के निदेशक सत्यनारायण प्रधान का प्रेरणादायी दौरा हुआ. इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर शिक्षा, करियर निर्माण एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर अपने अनुभव साझा किए. सत्यनारायण प्रधान ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर परिश्रम सबसे महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने छात्रों को समय का सदुपयोग करते हुए नियमित अध्ययन करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी सुनियोजित ढंग से करने की सलाह दी.
उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच किसी भी लक्ष्य को हासिल करने की सबसे बड़ी ताकत होती है. संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने भी करियर और रोजगार से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सरल और प्रेरणादायक तरीके से उत्तर दिया. उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप करियर का चयन करने तथा नई-नई जानकारियों से स्वयं को लगातार अपडेट रखने के लिए प्रेरित किया.
केएनटी शाखा के सदस्यों ने सत्यनारायण प्रधान का स्वागत करते हुए उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों ने भी इसे उपयोगी और प्रेरणादायक बताया. आयोजन के अंत में केएनटी परिवार की ओर से अतिथि का धन्यवाद ज्ञापित किया गया.
