चांडिल : चौका पुलिस ने शनिवार शाम को खूंटी हाट तोला के नीचे नाला किनारे स्थित पांच अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया. थाना प्रभारी राजदेव सिंह के नेतृत्व में किये गये छापामारी में पांच अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त करने के साथ ही 55 लीटर महुवा शराब जब्त किया गया है. छापामारी के दौरान किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है. पुलिस के आने के पूर्व ही अवैध शराब भट्ठी के संचालक फरार हो गये थे. पुलिस ने शराब भट्ठी को पुरी तरह से तोड. दिया है.
राजनगर में उपकरण जब्त, एक गिरफ्तार : राजनगर थाना क्षेत्र के रूतडीह गांव में अवैध शराब बनाने वालों पर थाना प्रभारी इंदुभूषण कुमार ने पुलिस बल के साथ मिल कर छापामारी की. छापामारी के क्रम में हरिपदो महतो (40) को गिरफ्तार किया गया तथा डेगची एवं अन्य उपकरण भी जब्त किये गये हैं. मिली जानकारी के अनुसार रुतडीह गांव में अवैध शराब बनाने की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद छापामारी की गयी. छापामारी में डेगची दो पीस एवं शराब बनाने के उपकरण भी जब्त किये गये.
