खरसावां : खरसावां प्रखंड सभागार में बुधवार को अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक बीडीओ मादेव प्रिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में मुख्य रूप से क्षेत्र में फैल रही डायरिया की स्थिति पर चर्चा की गयी तथा इसके रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का रंग–रोगन करने व आवश्यक सामान की खरीदारी करने का निर्णय लिया गया. केंद्र के लिए पीपीआइयूसीडी मशीन खरीद कर इसकी सुविधा आम लोगों को उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया. इस मशीन के माध्यम से प्रसव के बाद महिलाएं मनचाहे समय तक गर्भधारण से मुक्त हो सकती है.
साथ ही अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने, साफ–सफाई, आवश्यक दवा का भंडारण रखने, दैनिक वाहन चालक की मजदूरी 194 रुपया प्रतिदिन करने, उपस्वास्थ्य केंद्र में डायरिया के लिए आवश्यक दवा का भंडारण करने तथा हर माह पंचायत मुख्यालय में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन करने का निर्णय लिया गया.
बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संगीता केरकेट्टा, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी दुर्गेश नंदिनी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी वैद्यनाथ प्रधान, आयुष के सैफूल हक, प्रखंड कार्यक्रम समन्वयक आतिश कुमार मुख्य रूप से मौजूद थे.
