शहीद अजीत महतो, धनंजय महतो को लोगों ने किया नमन, पहुंचे मंत्री
चांडिल : तिरुलडीह गोलीकांड के अमर शहीद अजीत महतो और धनंजय महतो के 31वां बलिदान दिवस के अवसर पर सोमवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया.
इस अवसर पर कृतज्ञ लोगों ने दोनों वीर सपुतों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर राज्य के परिवहन मंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि झामुमो के युवा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में शहीदों के आश्रितों को सम्मानित करने का काम प्रारंभ किया गया है.
झामुमो ही सही मायने में शहीदों और उनके परिवार को सम्मान दे सकती है. सरकार गठन के एक सौ दिन के अंदर सरकार ने अलबर्ट एक्का और गुवा गोलीकांड में शहीद हुए आठ वीर सपुतों के आश्रितों को नौकरी प्रदान किया है. तिरुलडीह गोलीकांड में शहीद हुए अजीत धनंजय महतो के आश्रितों को भी सरकार नौकरी देगी. इसके लिए प्रक्रिया प्रारंभ हो गयी है. दीपावली के बाद तिथि तय कर दोनों शहीदों के आश्रितों को नियुक्ति पत्र दिया जायेगा.
