डीसी ने अस्पताल व प्रखंड का किया निरीक्षण
सरायकेला : उपायुक्त हंसराज सिंह ने मंगलवार को सरायकेला सदर अस्पताल, जिला कृषि कार्यालय व प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त सबसे पहले सदर अस्पताल पहुंचे जहां लगभग एक घंटा तक रह कर अस्पताल के विभिन्न मरीज वाडरे का निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में उन्होंने मरीजों से अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की.
निरीक्षण में उपायुक्त ने पाया कि अस्पताल में एक चिकित्सक अरविंद कुमार सिन्हा जो विगत दो वर्षो से गायब है, वे कभी अस्पताल नहीं आते हैं. जिस पर उपायुक्त ने कार्रवाई हेतु विभाग को लिखे जाने की बात कही. निरीक्षण में उपायुक्त ने पाया कि अस्पताल में कई सुविधा जैसे अल्ट्रासाउंड, एक्स रे बंद पड़ी है. जिसे उपायुक्त ने विभाग से पत्रचार कर सुविधा को चालू करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि अस्पताल में दवा आदि की कमी नहीं होनी चाहिए. साथ ही भीषण गरमी को देखते हुए ओआरएस आदि पर्याप्त मात्र में उपलब्ध होना चाहिए.
इसके पश्चात उपायुक्त जिला कृषि कार्यालय पहुंचे. वहां उपस्थिति पंजिका की जांच किया, जिसमें सभी की उपस्थिति पाया. कार्यालय में जिला कृषि पदाधिकारी कालीपद महतो से विभाग के कार्यो के बारे में जानकारी हासिल कर किसानों की योजनाओं को चलाने का निर्देश दिया. इसके पश्चात उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय का भी निरीक्षण किया.
