जिले की शिक्षा व्यवस्था में आयेगा सुधार, 156 सहायक आचार्यों ने किया योगदान

बरहेट की क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी की उपस्थिति में शैक्षिक दस्तावेजों का हुआ सत्यापन

बरहेट

जिले के लिए चयनित 156 सहायक आचार्यों ने विभिन्न विद्यालयों में योगदान लेना प्रारंभ कर दिया है. साहिबगंज, बरहेट, बरहरवा, राजमहल, बोरियो, तालझारी, उधवा, मंडरो में कक्षा एक से पांच के लिए 76 शिक्षक व कक्षा छह से आठ के लिए 80 शिक्षकों ने योगदान लिया. मंगलवार को बरहेट की क्षेत्रीय शिक्षा प्रसार पदाधिकारी उर्मिला हंसदा व प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी तरुण कुमार घाटी की उपस्थिति में दस्तावेजों का सत्यापन किया गया. इसके बाद बरहेट में नियुक्त अध्यापकों का योगदान कराया गया. इनमें सामाजिक विज्ञान, हिंदी, गणित, विज्ञान व अन्य भाषाओं के शिक्षक हैं. विभाग इनका योगदान स्वीकृत कर अग्रेतर प्रक्रिया में जुट गया है. नये सहायक आचार्य योगदान लेने के बाद काफी खुश नजर आये. इनमें ज्यादातर पूर्व में सहायक अध्यापक (पारा शिक्षक) के रूप में कार्य कर चुके हैं, इसलिए इनके पास कई वर्षों का शैक्षणिक अनुभव है. इनके योगदान के बाद साहिबगंज जिले के प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था में काफी सुधार होने की उम्मीद जगी है. नये शिक्षकों के आने से न केवल कक्षाओं में शिक्षण कार्य सुचारू होगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को भी ऊपर उठाने में मदद मिलेगी. नवनियुक्त शिक्षकों ने इस अवसर पर खुशी जताई और कहा कि वह बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए पूरे समर्पण के साथ काम करेंगे. स्थानीय अभिभावकों और समुदाय ने भी उनका स्वागत किया है.

एकल विद्यालय में होगा पदस्थापन

जिले के अलग-अलग प्रखंडों में सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालय एकल शिक्षकों के भरोसे संचालित हो रहे हैं. अब उन विद्यालयों में भी इन शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी. इससे छात्रों की उपस्थिति में सुधार होगा. इसके लिए विभाग की ओर से सूची तैयार कर ली गयी है, ताकि, एकल शिक्षक वाले विद्यालय में भार कम हो व बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके.

क्या कहते हैं डीइओ

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा शिक्षकों की बहाली की गयी है, ताकि विद्यालय में बच्चों को अच्छी गुणवत्ता के साथ शिक्षा मिल सके. पूर्व में विद्यालयों में शिक्षकों की कमी की सूचना मिलती रहती थी. अब शिक्षकों की कमी नहीं है. शिक्षक अपनी ड्यूटी स्कूलों में लगन के साथ करें, और बच्चों का भविष्य संवारें.

– डॉ दुर्गानंद झा, डीइओ

प्रखंडवार नियुक्त किए गये अध्यापक

प्रखंड 1-5 6- 8

बरहरवा 18 19

बरहेट 14 16

पतना 07 04

तालझारी 04 11

उधवा 12 07

राजमहल 10 06

साहिबगंज 06 04

बोरियो 05 08

मंडरो 00 05

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABDHESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >