प्रतिनिधि, उधवा. राधानगर थाना क्षेत्र के उधवा पाकीजा मोड़ स्थित एक ज्वेलरी दुकान में रविवार देर रात चोरी का मामला सामने आया है. चोर दुकान की साइड की दीवार काटकर अंदर घुसे और लॉकर व फ्रेम तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गये. चोरी गये जेवरात की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बतायी जा रही है.
सुबह शटर खोलने पर हुई चोरी की जानकारी
घटना की जानकारी सोमवार सुबह दुकान खोलने के दौरान हुई. जानकारी के अनुसार, विष्णु स्वर्णकार की ज्वेलरी दुकान को चोरों ने निशाना बनाया. चोरों ने दुकान की साइड की दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद दुकान में लगे लॉकर और फ्रेम को तोड़कर उसमें रखे सोने एवं चांदी के जेवरात चोरी कर लिये.
चोरों ने दुकान के अंदर सामान को भी इधर-उधर बिखेर दिया था. पीड़ित विष्णु स्वर्णकार ने बताया कि सुबह दुकान का शटर खोलते ही अंदर का सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गये. जांच करने पर दुकान में चोरी होने की जानकारी मिली, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गयी.
पुलिस ने घटनास्थल का लिया जायजा
सूचना मिलते ही राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, एएसआई असलम सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुकान संचालक से घटना की जानकारी ली.
पुलिस दुकान के अंदर और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच कर रही है. सेंधमारी के तरीके, चोरों के प्रवेश और निकलने के रास्ते समेत अन्य बिंदुओं की भी जांच की जा रही है.
सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी
चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोर किस रास्ते से आये और फरार हुए.
फिलहाल चोरी गये सोने-चांदी के जेवरात की कुल कीमत का आकलन किया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर भी नजर रख रही है.
