प्रतिनिधि, मंगलहाट: राजमहल थाना क्षेत्र के सैदपुर पंचायत अंतर्गत डेढ़गामा गांव में अज्ञात चोरों ने एक आटा चक्की मिल को निशाना बनाते हुए 10 केवी का मोटर चोरी कर लिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात में गश्ती बढ़ाने की मांग की है.
देर रात मिल बंद कर घर चले गये थे मालिक
जानकारी के अनुसार डेढ़गामा गांव निवासी गुणाधर पंडित आटा चक्की मिल संचालित करते हैं. रोज की तरह उन्होंने देर शाम मिल का काम बंद किया और घर चले गये.
रात में आसपास के लोगों को चोरी की भनक तक नहीं लगी. सुबह जब मिल मालिक मिल पहुंचे तो वहां लगा क्रैंपटन कंपनी का 10 केवी मोटर गायब मिला.
सुबह मोटर गायब देख मचा हड़कंप
मिल से मोटर चोरी होने की जानकारी गांव में तेजी से फैल गयी. इसके बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गयीं.
मिल मालिक के अनुसार चोरी गये मोटर की कीमत करीब 35 से 40 हजार रुपये है. चोरी के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है.
रात की गश्ती बढ़ाने की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है. ग्रामीणों का कहना है कि रात में पुलिस गश्ती बढ़ायी जानी चाहिए, ताकि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.
शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी
फिलहाल पुलिस घटना की जांच-पड़ताल में जुटी है. मिल मालिक गुणाधर पंडित ने बताया कि थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस चोरों की पहचान और चोरी गये मोटर की बरामदगी के प्रयास में जुटी है.
