प्रतिनिधि, मंगलहाट: राजमहल थाना क्षेत्र के महासिंगपुर पंचायत अंतर्गत मुंडमाला गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली. अज्ञात चोरों ने देर रात वारदात को अंजाम दिया. रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए और चार कमरों की अलमारी व संदूक खंगालकर फरार हो गये.
पूजा के बाद कोलकाता गये थे मकान मालिक
जानकारी के अनुसार, मुंडमाला गांव निवासी राजेश साहा कोलकाता में केंद्रीय भूजल बोर्ड में कार्यरत हैं. वह गांव में मनसा पूजा मनाने के बाद पिछले रविवार को वापस कोलकाता गये थे. नौकरी पर लौटने के कारण घर बंद था और परिवार का कोई सदस्य वहां मौजूद नहीं था.
इसी का फायदा उठाकर चोरों ने देर रात मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर के अंदर प्रवेश कर गये.
चार कमरों में खंगाली अलमारी और संदूक
घर में प्रवेश करने के बाद चोरों ने चार कमरों को निशाना बनाया. कमरों के ताले तोड़कर अंदर रखी अलमारियों और संदूकों के लॉक व शटर तोड़े गये. इसके बाद चोरों ने कीमती जेवरात, नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया.
देर रात होने के कारण आसपास के लोगों को घटना की भनक तक नहीं लगी. सुबह पड़ोसियों की नजर घर के टूटे हुए ताले पर पड़ी, जिसके बाद चोरी की घटना का पता चला.
50 हजार नकद समेत जेवरात चोरी
परिजनों से फोन पर हुई बातचीत के अनुसार, चोर घर से सोने की दो भारी अंगूठियां, करीब 30 से 40 हरी चांदी के जेवरात, 50 हजार रुपये नकद, पुरखों के रखे कांसा और तांबा के बर्तन समेत अन्य सामान ले गये हैं.
मकान मालिक राजेश साहा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब तीन से चार लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है. हालांकि, घर पहुंचने के बाद ही चोरी गये सामान का पूरा आकलन हो सकेगा.
मकान मालिक के लौटने पर दर्ज होगी लिखित शिकायत
घटना की जानकारी मिलने के बाद पड़ोसियों ने मकान मालिक और राजमहल थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
राजेश साहा ने बताया कि वह कोलकाता से अपने घर के लिए रवाना हो गये हैं. घर पहुंचने के बाद चोरी गये सामान का विस्तृत आकलन कर राजमहल थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी जायेगी.
चोरों की तलाश में पुलिस की जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है. अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं. पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.
चोरी की घटना के बाद मंगलहाट क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात के समय गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि इलाके में चोरी की घटनाओं पर रोक लगायी जा सके.
