घर के पीछे गये किशोर का तालाब के पास मिला शव

बुझ गया घर का इकलौता चिराग, खून के आंसू रो रहे परिजन

बरहरवा. बरहरवा थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में शनिवार देर रात एक नाबालिग बच्चे का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. घटना के बाद पूरे गांव में भय और शोक का माहौल व्याप्त है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरहरवा नगर पंचायत क्षेत्र के रतनपुर निवासी हेमंत साहा का 14 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार शनिवार रात करीब 8:30 बजे अपने घर के पीछे गया था. कुछ देर बाद उसकी मां ने उसे आवाज दी और कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों ने तलाश शुरू की. तलाश के दौरान आयुष घर के पीछे स्थित तालाब के पास झाड़ियों में अचेत अवस्था में पड़ा मिला. परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहरवा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बताया गया कि घटना के समय मृतक के पिता हेमंत साहा घर पर मौजूद नहीं थे. पटना जाने के लिए निकले थे. बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. घटना की जानकारी मिलने पर रविवार सुबह बरहरवा इंस्पेक्टर संतोष कुमार राणा एवं थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल भेज दिया. मृतक आयुष कुमार नौवीं कक्षा का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. परिवार में उसकी दो बहनें हैं. पुत्र की आकस्मिक मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABDHESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >