"कैसा लग रहा सर? थोड़ा ध्यान दिया जाए": साहिबगंज DC के काफिले को ग्रामीणों ने दिखाई NH-80 की जर्जर हालत

Sahibganj Road Condition: साहिबगंज में एनएच-80 की बदहाली को लेकर मदनसाही के ग्रामीणों ने शनिवार को उपायुक्त दीपक कुमार दुबे के काफिले को रोककर अपना विरोध दर्ज कराया. दो वर्षों से जर्जर इस सड़क को ग्रामीणों ने 'डोभा' का नाम दिया है. समस्या का समाधान न होने पर ग्रामीणों ने 11 मई से अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी है और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है.

Sahibganj Road Condition, साहिबगंज (इमरान की रिपोर्ट): “कैसा लग रहा सर? थोड़ा ध्यान दिया जाए सर” यह केवल शब्द नहीं, बल्कि साहिबगंज के उन हजारों ग्रामीणों की सामूहिक पीड़ा है जो पिछले दो वर्षों से जर्जर नेशनल हाईवे-80 (NH-80) पर चलने को मजबूर हैं. शनिवार दोपहर जब उपायुक्त दीपक कुमार दुबे का अधिकारियों के साथ काफिला मदनसाही गांव के पास से गुजरा, तो स्थानीय लोगों ने अपनी व्यथा बयां करने का यह अनोखा और व्यंग्यात्मक तरीका चुना.

सड़क या ‘डोभा’? ग्रामीणों का तीखा प्रहार

एनएच-80 की स्थिति इस कदर खराब हो चुकी है कि सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे अब तालाब या “डोभा” का रूप ले चुके हैं. स्थानीय लोगों ने तंज कसते हुए अब इस मार्ग को “एनएच-80 डोभा” कहना शुरू कर दिया है. उपायुक्त के काफिले के गुजरते समय ग्रामीणों ने सड़क की दुर्दशा की ओर इशारा करते हुए अधिकारियों को यह अहसास कराने की कोशिश की कि आम जनता हर दिन किस नरक से होकर गुजर रही है.

Also Read: प्रभात खबर की खबर का असर, जर्जर सड़क और जलजमाव पर प्रशासन सक्रिय

जनप्रतिनिधियों के वादे पड़े फीके

ग्रामीणों ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन राजा ने भी विधानसभा सत्र में पुरजोर तरीके से आवाज उठाई थी. इसके बावजूद, धरातल पर अब तक निर्माण या मरम्मत का कोई कार्य शुरू नहीं हो सका है. लोगों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के तमाम आश्वासन केवल कागजी खानापूर्ति तक सीमित रह गए हैं, जबकि बरसात में यह सड़क जानलेवा साबित होती है.

11 मई से आर-पार की जंग: अनिश्चितकालीन धरना

प्रशासनिक उपेक्षा से नाराज मदनसाही और आसपास के ग्रामीणों ने अब आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है. ग्रामीणों ने घोषणा की है कि 11 मई से सड़क पर ही अनिश्चितकालीन धरना कार्यक्रम शुरू किया जाएगा. इस संबंध में ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को संबोधित ज्ञापन सौंपा है. साथ ही, अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और संबंधित थाने को भी लिखित सूचना दे दी गई है। ग्रामीणों का साफ कहना है कि जब तक सड़क निर्माण का ठोस कार्य शुरू नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा.

Also Read: डिजिटल जनगणना में हजारीबाग का डंका: ‘स्वयं-गणना’ में झारखंड में दूसरा स्थान, जानें इसका तरीका

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >