शिक्षा से स्वास्थ्य तक नयी पहचान बना रहा साहिबगंज

झांकी में अव्वल वन प्रमंडल को मिला पथम पुरस्कार

साहिबगंज. 77वें गणतंत्र दिवस पर साहिबगंज जिला अंतर्गत सिदो-कान्हू स्टेडियम में मुख्य जिला स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया. शुभारंभ उपायुक्त हेमंत सती व पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने अमर शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया. इसके बाद उपायुक्त ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया. परेड की सलामी ली. इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा व आधारभूत संरचना समेत सभी आयामों में साहिबगंज जिला राष्ट्रीय मानचित्र पर अपनी पहचान बना रहा है. उन्होंने अमर शहीद सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो समेत समस्त स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि 26 जनवरी हमें लोकतंत्र, समान अधिकार और संविधान की गरिमा का स्मरण कराता है. उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है. मैया सम्मान योजना के तहत जिले की लगभग 1.78 लाख महिलाओं के खातों में प्रतिमाह 2500 रुपये की राशि हस्तांतरित की जा रही है. आवास योजना के तहत लगभग 30 हजार लाभार्थियों को स्वीकृति दी गयी है. शिक्षा क्षेत्र में 20 से अधिक विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा कक्ष निर्माण, 100 से अधिक विद्यालयों में आधारभूत संरचना सुधार, 1000 से अधिक बेंच-डेस्क की आपूर्ति, स्मार्ट क्लास एवं आइसीटी लैब का संचालन किया जा रहा है. स्वास्थ्य क्षेत्र में नवजात शिशुओं हेतु एसएनसीयू/एनआइसीयू, आधुनिक ओटी, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे सहित सुविधाओं के विस्तार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. शहरी विकास के अंतर्गत 2000 से अधिक सोलर स्ट्रीट लाइट, 56 हजार स्मार्ट मीटर तथा 140 हजार घरेलू उपभोक्ताओं को निःशुल्क बिजली उपलब्ध करायी जा रही है. समारोह में परेड, झांकी, बैंड डिस्प्ले एवं प्रभात फेरी व प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को पुरस्कृत किया गया. साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक, खेल एवं पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों व खिलाड़ियों को शॉल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया. देर शाम पुलिस व नागरिक एकादश के बीच मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABDHESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >