साहिबगंज के तीन पहाड़ के बाइक शोरूम और कोरियर सेंटर में चोरी, जांच में जुटी पुलिस

Sahibganj Crime News: साहिबगंज के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र में बैंक मोड़ स्थित जीएम बजाज बाइक शोरूम और कोरियर ऑफिस में चोरों ने ग्रिल काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. नकाबपोश चोर करीब ढाई लाख रुपये नकद, लैपटॉप और अन्य सामान लेकर फरार हो गए. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

तीन पहाड़ से मो हसामुद्दीन की रिपोर्ट

Sahibganj Crime News: झारखंड के साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात अज्ञात चोरों ने बाइक शोरूम और कोरियर सर्विस के कार्यालय को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. बैंक मोड़ के समीप स्थित जीएम बजाज बाइक शोरूम और डिलीवरी कोरियर सर्विस के कार्यालय से चोर लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य की संपत्ति लेकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

ग्रिल काटकर कोरियर ऑफिस में घुसे चोर

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात रोज की तरह कर्मचारी कार्यालय बंद कर घर चले गए थे. इसी बीच देर रात करीब 1:30 से 2:30 बजे के बीच तीन नकाबपोश चोर मौके पर पहुंचे. सबसे पहले चोरों ने डिलीवरी कोरियर सर्विस के कार्यालय को निशाना बनाया. उन्होंने खिड़की में लगे लोहे के ग्रिल को कटर से काटकर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद चोरों ने कार्यालय में रखे लिनोवो कंपनी के दो लैपटॉप चुरा लिए. इतना ही नहीं, उन्होंने गोदरेज की अलमारी को भी तोड़ दिया और उसमें रखे करीब एक लाख रुपये नकद निकाल लिए. चोरी के दौरान कार्यालय का सामान भी इधर-उधर बिखेर दिया गया.

बाइक शोरूम से भी ले गए नकदी

कोरियर कार्यालय में चोरी करने के बाद चोरों ने पास में स्थित जीएम बजाज बाइक शोरूम को भी निशाना बनाया. पहले उन्होंने शोरूम के पीछे का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा मजबूत होने के कारण नहीं टूट सका. इसके बाद चोरों ने दरवाजे के ऊपर लगे लोहे के ग्रिल को कटर से काट दिया और उसी रास्ते शोरूम के अंदर घुस गए. अंदर प्रवेश करने के बाद चोरों ने वहां रखे करीब 87 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए और फरार हो गए.

सुबह खुला मामला, बिखरा मिला सामान

चोरी की घटना की जानकारी तब हुई जब मंगलवार सुबह कर्मचारी डिलीवरी कोरियर सर्विस का कार्यालय खोलने पहुंचे. अंदर का दृश्य देखकर वे हैरान रह गए. पूरा सामान बिखरा पड़ा था और टेबल पर रखे लैपटॉप गायब थे. जब कर्मचारियों ने अलमारी की जांच की तो वह भी टूटी हुई मिली. इसके बाद तुरंत घटना की सूचना तीनपहाड़ थाना पुलिस को दी गई.

सीसीटीवी में कैद हुए नकाबपोश चोर

सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने डिलीवरी कोरियर सर्विस और बाइक शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली. सीसीटीवी फुटेज में तीन नकाबपोश युवकों को चोरी की घटना को अंजाम देते हुए देखा गया है. फिलहाल, पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है.

इसे भी पढ़ें: रांची आने के बजाय कोलकाता पहुंच गया एयर इंडिया का विमान, कोहरे के कारण रूट किया गया डायवर्ट

पुलिस ने शुरू की जांच

इस संबंध में थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. दोनों संस्थानों के संचालकों से लिखित आवेदन मांगा गया है. आवेदन मिलने के बाद केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, शोरूम और कोरियर सर्विस के मालिक चोरी हुए सामान का मिलान कर रहे हैं. घटना के बाद आसपास के व्यवसायियों में भी भय का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: रांची सिविल कोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट कैंपस में पहुंची बीडीडीएस की टीम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >