राजमहल : थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए 36 एंड्रॉयड व अन्य कंपनियों के मोबाइल फोन तथा एक काले रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है. पुलिस को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति बाइक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया. मामले को लेकर एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी.
संदिग्ध सामान की सूचना पर बनी टीम
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक, साहिबगंज को सूचना मिली थी कि महाराजपुर की ओर से एक व्यक्ति काले रंग की बाइक से बेगमपुरा ब्रीज की तरफ जा रहा है. उसकी पीठ पर लटके बैग में संदिग्ध सामान होने की आशंका जताई गई थी. सूचना के आधार पर एसडीपीओ राजमहल के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया.
पुलिस को देखते ही बाइक छोड़कर भागा
पुलिस टीम ने तुतीपुर गांव के समीप फोरलेन सड़क पर वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान बैग लेकर बाइक से आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस को देखकर कुछ दूरी पहले ही बाइक रोक दी. पुलिसकर्मियों को अपनी ओर आते देख वह बाइक छोड़कर भागने लगा. इस दौरान बैग बाइक के हैंडल में फंसकर टूट गया. पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह बैग छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया.
बैग से बरामद हुए 36 मोबाइल
बैग की तलाशी लेने पर पुलिस ने 36 मोबाइल फोन बरामद किए. इनमें तीन आईफोन, 13 वीवो, छह ओप्पो, तीन रियलमी, तीन वनप्लस, तीन मोटोरोला, दो सैमसंग, दो नथिंग तथा एक रेडमी कंपनी का मोबाइल शामिल है. पुलिस ने मौके से काले रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली.
प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू
इस संबंध में राजमहल थाना कांड संख्या 303/26, दिनांक 3 सितंबर 2026 को धारा 317(2)/317(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. पुलिस फरार संदिग्ध की पहचान करने के साथ-साथ बरामद मोबाइल फोन के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है.
छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी शामिल
छापेमारी दल में राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, पु०अ०नि० ओम प्रकाश चौहान, सअनि रविशंकर झा तथा सशस्त्र बल के जवान महेंद्र यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
