शत्रुधन हजारी
Sahibganj: राजमहल में महाशिवरात्रि पर भोलेनाथ ही नगर पंचायत चुनाव के कुछ प्रत्याशियों का सहारा बन गए. मटियाल से 101 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो नगर भ्रमण करने के बाद पुनः मटियाल स्थित मंदिर पहुंची. कलश यात्रा के जुलूस में नगर पंचायत अध्यक्ष पद की कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी भावना गुप्ता और भाजपा समर्थित प्रत्याशी माधवी लता मंडल यात्रा के साथ नगर भ्रमण करती दिखीं. प्रत्याशियों को सम्मानित किया गया. ऐसे में शहर के आम जनों ने चर्चा के तौर पर कहा कि अब महाशिवरात्रि के मौके पर निकली कलश यात्रा में भोलेनाथ ही सहारा हैं.
वार्ड 11 के प्रत्याशी भी शामिल हुए कलश यात्रा में
कलश यात्रा में यात्रा में दोनों प्रत्याशी आगे बढ़कर जनता का अभिवादन भी कर रही थीं. शिव मंदिर वार्ड संख्या 11 में स्थित है, इसलिए वार्ड संख्या 11 से प्रत्याशी राजू सरकार और राजेश राय भी कलश यात्रा में शामिल थे. समिति की ओर से 101 कन्याओं को चुनरी देकर राजमहल महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मटियाल सार्वजनिक शिव मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई. यात्रा की शुरुआत विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की गई. कन्याओं ने सिर पर सजाए गए कलश के साथ पूरे श्रद्धा और उत्साह एवं गाजे बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई. कलश यात्रा मंदिर प्रांगण से निकलकर विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर परिसर पहुंची. जहां भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया.
बाबा भोलेनाथ के जयकारे से गूंजा इलाका
रास्ते भर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बन गया. आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय रहा. पूरे कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं की भागीदारी रही. जिससे मटियाल सहित आसपास का इलाका शिवमय हो उठा.
ये भी पढ़ें…
