‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ - आधी रात श्रीकृष्ण जन्म से गूंजा कन्हैयास्थान, पंचामृत से हुआ महाअभिषेक

कन्हैयास्थान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया. मध्य रात्रि को भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही जयकारों से मंदिर गूंज उठा. भक्तों ने पंचामृत से महाअभिषेक किया और 108 व्यंजनों का भोग लगाया.

कन्हैयास्थान में श्रीकृष्ण जन्म पर गूंजे जयकारे, हुआ महाअभिषेक

प्रतिनिधि, मंगलहाट. राजमहल प्रखंड क्षेत्र के कन्हैयास्थान स्थित कन्हाई नाट्यशाला (इस्कॉन मंदिर) में शुक्रवार की आधी रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही भक्तों का उल्लास चरम पर पहुंच गया. मंदिर परिसर हरे कृष्ण, कृष्ण-कृष्ण और हाथी, घोड़ा, पालकी, जय कन्हैया लाल के जयकारों से गूंज उठा.


झूमते श्रद्धालु। Prabhat Khabar Network

पंचामृत से हुआ भगवान श्रीकृष्ण का महाअभिषेक

भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद अर्घा में गंगाजल, दूध, दही, घी और शहद मिलाकर तैयार पंचामृत से बाल स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण का मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से महाअभिषेक किया गया. इसके बाद महाआरती हुई और भगवान श्रीकृष्ण को 108 व्यंजनों का भोग लगाया गया.

दो स्थानों पर कराया गया महाअभिषेक

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर कमेटी के निर्णय के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण का महाअभिषेक मंदिर परिसर के दो अलग-अलग स्थानों पर कराया गया. इस दौरान झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा पश्चिम बंगाल और बिहार से भी कृष्ण भक्त पहुंचे. मंदिर परिसर के आसपास श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही.

पूर्व विधायक ने भी की पूजा-अर्चना

इससे पहले करीब 7:45 बजे राजमहल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा ने पूजा-अर्चना और आरती की. इसके बाद उन्होंने लड्डू गोपाल का मंत्रोच्चारण के साथ पंचामृत से स्नान कराकर महाअभिषेक किया. उन्होंने राधा-कृष्ण तथा चैतन्य महाप्रभु के पादुका चिन्ह का दर्शन भी किया. मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम यादव, उपाध्यक्ष राजेश मंडल, जिला परिषद सदस्य सुष्मिता देवी समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.

लड्डू गोपाल को झूला झुलाने उमड़े श्रद्धालु

कन्हाई नाट्यशाला में लड्डू गोपाल को झूला झुलाने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. भक्तों ने भगवान के बाल स्वरूप के दर्शन कर पूजा-अर्चना की.


अपनी कला को प्रदर्शित करते क्षेत्रीय कलाकार। Prabhat Khabar Network

जन्माष्टमी पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर कमेटी की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया. इसमें राजमहल, साहिबगंज, बरहरवा, तालझारी समेत अन्य क्षेत्रों के कलाकारों ने भक्ति गीत, संगीत, आधुनिक गीत और नृत्य की प्रस्तुति दी. स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया.

देर रात तक क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोग गीत-संगीत का आनंद लेते रहे. कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया. विजेता प्रतिभागियों को कमेटी की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीप सिंह

दीप सिंह , 25 मार्च 2010 से प्रभात खबर से जुड़े हैं। रिपोर्टर के रूप में प्रभात खबर में कार्य शुरू किए। 2015 में राजमहल कार्यालय का मॉडेम प्रभारी बनाया गया। कई महत्वपूर्ण एक्सक्लूसिव, पड़ताल और जन समस्या की खबर पर बेहतर कार्य करने का मौका मिला। बीच के अंतराल में वर्ष 2018 से 5 अगस्त 2023 तक दैनिक हिंदुस्तान अखबार में राजमहल से कार्य किए। पुनः 12 अगस्त 2023 से अबतक वर्तमान में राजमहल मॉडेम कार्यालय के प्रभारी के रूप में कार्य कर रहा हूं। प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक दोनों ही प्लेटफार्म पर बेहतर कार्य करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >