सोनू कुमार, साहिबगंज. प्रखंड के धरमपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास सह झारखंड मुक्ति मोर्चा कार्यालय में झामुमो कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक आयोजित की गयी. इसकी अध्यक्षता जिप सदस्य सह झामुमो प्रखंड अध्यक्ष गुरु हेंब्रम ने की. बैठक में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य सह युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष संजय गोस्वामी, जिला सचिव सुरेश टुडू सहित प्रखंड और पंचायत स्तर के कार्यकर्ता मौजूद रहे.
मतदाता सूची की त्रुटियों पर हुई चर्चा
बैठक के पहले सत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची में सामने आ रही विभिन्न विसंगतियों और त्रुटियों पर विस्तार से चर्चा की गयी. संजय गोस्वामी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम छूटने, नाम की वर्तनी में गलती, पते में गड़बड़ी और अन्य तकनीकी त्रुटियों के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने कार्यकर्ताओं को इन त्रुटियों के समाधान की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और बीएलओ से संपर्क व समन्वय स्थापित करने के तरीकों की जानकारी दी. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाये कि कोई भी योग्य मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने से वंचित न रहे.
एमएमडीआर कानून को लेकर भी हुई चर्चा
बैठक के दूसरे सत्र में केंद्र सरकार के एमएमडीआर से संबंधित कानून/विधेयक को लेकर चर्चा की गयी. कार्यकर्ताओं ने कहा कि कानून के कई प्रावधान झारखंड की जनता, जल, जंगल, जमीन और आदिवासी-मूलवासी समाज के हितों को प्रभावित करने वाले हैं.
उन्होंने कहा कि आम जनता को इस संबंध में सही और तथ्यपरक जानकारी देना जरूरी है. इसी को लेकर बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में पंचायत स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जायेगा.
गांव-गांव और घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता
जन-जागरूकता अभियान के तहत झामुमो कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को एमएमडीआर कानून के प्रावधानों और उसके प्रभावों की जानकारी देंगे. बैठक में संगठन के कार्यकर्ताओं को आम लोगों से लगातार संपर्क बनाये रखने और उन्हें जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी दी गयी.
