दियारा में गंगा की दस्तक! उधवा में बढ़ते जलस्तर से मंडराया बाढ़ का खतरा

गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि से उधवा के दियारा क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. ग्रामीण चिंतित, प्रशासन से बचाव की अपील.

प्रतिनिधि, उधवा. गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के साथ ही उधवा प्रखंड के दियारा क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. पूर्वी प्राणपुर पंचायत अंतर्गत हब्बी टोला के समीप से गंगा का पानी धीरे-धीरे आसपास के इलाकों में प्रवेश करने लगा है. पानी का दायरा बढ़ने से ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ गयी है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि गंगा के जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो आने वाले दिनों में दियारा क्षेत्र के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. पिछले वर्षों में बाढ़ के दौरान दियारा क्षेत्र के कई गांवों का मुख्य इलाकों से संपर्क प्रभावित हुआ था. सड़क और आवागमन के रास्तों पर पानी भर जाने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था.

गंगा किनारे बसे गांवों पर भी बढ़ा खतरा

गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से नदी किनारे बसे कई गांवों और घरों पर भी खतरा मंडराने लगा है. तेज कटाव की स्थिति उत्पन्न होने पर कई परिवारों के आशियाने गंगा की धारा में समा सकते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को समय रहते संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर कटाव और बाढ़ से बचाव की तैयारी शुरू करनी चाहिए.

कई पंचायतों के प्रभावित होने की आशंका

गंगा किनारे स्थित उत्तर पलासगाछी, दक्षिण पलासगाछी, पश्चिमी प्राणपुर, पूर्वी प्राणपुर और श्रीधर पंचायत समेत आसपास के कई पंचायतों के प्रभावित होने की आशंका जतायी जा रही है. इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग खेती और दैनिक गतिविधियों के लिए दियारा क्षेत्र पर निर्भर हैं.

बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर कृषि कार्य के साथ-साथ लोगों के आवागमन और जनजीवन पर भी व्यापक असर पड़ सकता है. फिलहाल हब्बी टोला क्षेत्र में गंगा का पानी धीरे-धीरे प्रवेश कर रहा है. जलस्तर में वृद्धि जारी रहने पर स्थिति और गंभीर होने की संभावना है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से गंगा के जलस्तर और कटाव की लगातार निगरानी करने के साथ संभावित बाढ़ से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीप सिंह

दीप सिंह , 25 मार्च 2010 से प्रभात खबर से जुड़े हैं। रिपोर्टर के रूप में प्रभात खबर में कार्य शुरू किए। 2015 में राजमहल कार्यालय का मॉडेम प्रभारी बनाया गया। कई महत्वपूर्ण एक्सक्लूसिव, पड़ताल और जन समस्या की खबर पर बेहतर कार्य करने का मौका मिला। बीच के अंतराल में वर्ष 2018 से 5 अगस्त 2023 तक दैनिक हिंदुस्तान अखबार में राजमहल से कार्य किए। पुनः 12 अगस्त 2023 से अबतक वर्तमान में राजमहल मॉडेम कार्यालय के प्रभारी के रूप में कार्य कर रहा हूं। प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक दोनों ही प्लेटफार्म पर बेहतर कार्य करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >